भारत

फ्रांस में बोले पीएम मोदी- भारत अब सिर्फ टेक्नोलॉजी यूजर नहीं, बल्कि प्रोवाइडर भी; नहीं रुकेगी ‘सुधार एक्सप्रेस’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवा इनोवेटर ऐसे समाधान खोज रहे हैं जिनसे पूरी मानवता को लाभ हो सकता है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- June 14, 2026 | 7:49 PM IST

India Innovates 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत अब वैश्विक समाधानों का सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि उनमें अहम योगदान देने वाला देश बन गया है। मोदी ने फ्रांस में ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के जरिये दुनिया के लिए एक दीर्घकालिक भविष्य के संबंध में नई दिल्ली का नजरिया पेश किया। इस कार्यक्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी मौजूद थे।

ग्लोबल इनोवेशन का नया अध्याय लिखेगा भारत

मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ”भारत इनोवेट्स दुनिया के लिए एक निमंत्रण है कि वे भारत के साथ मिलकर ग्लोबल इनोवेशन का अगला अध्याय लिखें।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवा इनोवेटर ऐसे समाधान खोज रहे हैं जिनसे पूरी मानवता को लाभ हो सकता है। अपने संबोधन में मोदी ने उच्च-तकनीक, डिफेंस और इनोवेशन जैसे कई अहम क्षेत्रों में अपनी सरकार द्वारा किए गए सुधारों का जिक्र किया।

Also Read: फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने की ‘मेक इन इंडिया’ की तारीफ, भारत को बताया इनोवेशन का देश 

‘सुधार एक्सप्रेस’ रुकेगी नहीं- पीएम मोदी

उन्होंने जोर देकर कहा, ”भारत की ‘सुधार एक्सप्रेस’ रुकेगी नहीं, बल्कि चलती रहेगी।” प्रधानमंत्री ने कहा कि एक दशक पहले दुनिया भारत को टेक्नोलॉजी अपनाने वाले देश के तौर पर देखती थी, लेकिन अब यह देशटेक्नोलॉजी प्रोवाइडर के तौर पर उभर रहा है। उन्होंने कहा, ”भारत एक दीर्घकालिक भविष्य के लिए इनोवेशन कर रहा है। भारत दुनिया के लिए इनोवेशन कर रहा है। इनोवेशन भारत के डीएनए में है।”

G-7 से पहले भारत-फ्रांस साझेदारी पर फोकस

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-फ्रांस संबंधों पर भी बात की। उन्होंने कहा, ”भारत और फ्रांस के बीच एक खास साझेदारी है; इसमें जुड़ाव, दृढ़ विश्वास, इनोवेशन, प्रेरणा और साझा दृष्टिकोण शामिल है।” इस कार्यक्रम का मकसद भारत, फ्रांस और अन्य देशों के टॉप इनोवेशन, स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड को साथ लाना है। मोदी फ्रांस की यात्रा पर हैं, जहां वह मैक्रों के साथ बातचीत करेंगे और G-7 शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : June 14, 2026 | 7:46 PM IST