भारत

PM मोदी करेंगे एक्सपो सेंटर का उद्घाटन, दिल्ली में कल ट्रैफिक जाम की आशंका, पढ़ें एडवाइजरी

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को द्वारका में इंडिया इंटरनैशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर (IICEC) के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे

Published by
भाषा   
Last Updated- September 16, 2023 | 7:19 PM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रविवार को इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर के पहले चरण का उद्घाटन करने के मद्देनजर दक्षिणपश्चिम दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से निर्मल धाम नाला तक यातायात बाधित रहने की आशंका है।

यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी कर कहा कि एनएच-48 से निर्मल धाम नाला (यूईआर-2) तक के मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरे दिन प्रभावित रहेगी। यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी जाती है।

परामर्श में कहा गया है, ‘‘यात्रियों को नजफगढ़ के लिए एनएच-8 से बिजवासन नजफगढ़ रोड से जाने, नजफगढ़/द्वारका से यूईआर-2 के जरिए एनएच-48 के लिए : धुलसिरस चौक से द्वारका सेक्टर-23 के लिए बायीं ओर मुड़ने और रोड नंबर 224 से जाने की सलाह दी जाती है।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘द्वारका से गुरुग्राम के लिए : धुलसिरस रोड से बमनोली गांव की ओर जा सकते हैं और नजफगढ़ बिजवासन रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। द्वारका सब-सिटी और पश्चिमी दिल्ली के निवासी अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए पालम फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकते हैं। आम जनता को कम दिक्कतों का सामना करने के लिए पहले ही अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।’’

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को द्वारका में इंडिया इंटरनैशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर (IICEC) के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे जिसे ‘यशोभूमि’ का नाम दिया गया है। साथ ही वह दिल्ली एक्सप्रेस मेट्रो एक्सप्रेस लाइन पर एक नए स्टेशन द्वारका सेक्टर-25 का भी उद्घाटन करेंगे।

First Published : September 16, 2023 | 7:19 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)