भारत

तेलंगाना में रैली को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

संगारेड्डी में भाजपा की एक रैली में मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह युवा नेताओं को बढ़ावा देने से 'डरती' है।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 16, 2024 | 11:28 AM IST

लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को तेलंगाना के नगरकुरनूल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक रैली को संबोधित करेंगे। मोदी ने शुक्रवार शाम यहां मल्काजगिरि लोकसभा क्षेत्र में एक रोडशो किया था।

तेलंगाना प्रदेश भाजपा ने कहा है कि मोदी 18 मार्च को राज्य के जगतियाल में एक और रैली करेंगे। मोदी ने गत पांच मार्च को हैदराबाद से लगभग 60 किलोमीटर दूर संगारेड्डी में 7,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।

संगारेड्डी में भाजपा की एक रैली में मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह युवा नेताओं को बढ़ावा देने से ‘डरती’ है। मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा था कि “वंशवादी दल” उन्हें निशाना बना रहे हैं क्योंकि वह उनके “हजारों करोड़ रुपये के घोटालों” को उजागर कर रहे हैं।

भाजपा दक्षिण में चुनावी बढ़त हासिल करने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने 2019 के आम चुनावों में तेलंगाना की कुल 17 लोकसभा सीटों में से चार पर जीत हासिल की थी। भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव में तेलंगाना में अकेले लड़ने का फैसला किया है और उसे अपनी सीटें बढ़ने की उम्मीद है। निर्वाचन आयोग शनिवार को लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा।

First Published : March 16, 2024 | 9:58 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)