भारत

राजनाथ सिंह ने किया गांधी स्मारक का दौरा, ब्रिटेन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय रक्षा मंत्री

ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी और उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ सिंह ने 20वीं सदी के स्मारक पर राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 09, 2024 | 11:03 PM IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को मध्य लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर स्थित महात्मा गांधी स्मारक के दौरे के साथ अपनी ब्रिटेन यात्रा की शुरुआत की। सिंह 22 साल में ब्रिटेन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय रक्षा मंत्री हैं। इससे पहले भारत की ओर से रक्षा मंत्री की ब्रिटेन यात्रा जनवरी 2002 में हुई थी।

ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी और उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ सिंह ने 20वीं सदी के स्मारक पर राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सिंह ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ग्रांट शाप्स के साथ द्विपक्षीय बैठक से पहले ‘हॉर्स गार्ड्स’ परेड में औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण करने के लिए व्हाइटहॉल पहुंचे। दोनों नेताओं के रक्षा, सुरक्षा और औद्योगिक सहयोग के व्यापक मुद्दों पर चर्चा करने की उम्मीद है।

शाप्स के साथ बातचीत के अलावा, उनके ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात करने और विदेश मंत्री डेविड कैमरन के साथ बैठक करने की उम्मीद है। सिंह, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ), सेवा मुख्यालय, रक्षा विभाग और रक्षा उत्पादन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार रात लंदन पहुंचे।

First Published : January 9, 2024 | 11:03 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)