भारत

Scam Alert: घर से काम करने का ऑफर देकर युवक से 15 लाख रुपये ठगे

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि अक्टूबर में उसे व्हाट्सएप पर एक कॉल आया, जिसमें उसे घर से काम करने की पेशकश की गई थी।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 23, 2024 | 5:47 PM IST

उत्तर पूर्व दिल्ली के करावल नगर इलाके में जालसाजों ने 31 वर्षीय एक व्यक्ति को प्रत्येक वीडियो के रिव्यू के लिए 50 रुपये देने का लालच देकर उससे 15 लाख रुपये कथित तौर पर ठग लिए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उत्तरपूर्वी दिल्ली की साइबर पुलिस इकाई ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि अक्टूबर में उसे व्हाट्सएप पर एक कॉल आया, जिसमें उसे घर से काम करने की पेशकश की गई। प्राथमिकी के मुताबिक, ”मैंने पेशकश स्वीकार कर ली क्योंकि आरोपी ने मुझसे एक वीडियो का रिव्यू करने के लिए 50 रुपये देने को कहा था। मैंने तीन वीडियो की रिव्यू की और मेरे खाते में 150 रुपये आ गये। पैसे मिलने के बाद मुझे लगा कि कंपनी फर्जी नहीं है।”

प्राथमिकी में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक अन्य मैसेज ऐप का इस्तेमाल कर अन्य कार्यों को पूरा करने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया, ”अलग-अलग काम के नाम पर उन्होंने मुझसे और पैसे निवेश करने के लिए कहा। पिछले साल 20 अक्टूबर तक साइबर जालसाजों ने मुझसे लगभग 15.20 लाख रुपये ठग लिए। मैंने 12 दिसंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।”

पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

First Published : January 23, 2024 | 5:47 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)