भारत

AI और ऑटोमेशन पर विशेष ध्यान देना होगा, शिक्षा को अर्थव्यवस्था से जोड़ने की जरूरत: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर आयोजित एक वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना उनकी सरकार का मूल उद्देश्य है

Published by
भाषा   
Last Updated- March 09, 2026 | 10:34 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश की शिक्षा व्यवस्था को अर्थव्यवस्था की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने की प्रक्रिया को तेज करने का आह्वान करते हुए कहा कि आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) और स्वचालन जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देना होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर आयोजित एक वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना उनकी सरकार का मूल उद्देश्य है और शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल एवं संस्कृति जैसे क्षेत्र इसे साकार करने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा, ‘लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना केवल एक विषय नहीं है, बल्कि यह इस सरकार का प्रमुख उद्देश्य एवं संकल्प है।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में शिक्षा को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) बाजार की मांग और वास्तविक अर्थव्यवस्था के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने की मजबूत आधारशिला प्रदान करती है, खासकर एआई, स्वचालन और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में। हमें शिक्षा व्यवस्था को अर्थव्यवस्था की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने की प्रक्रिया को और तेज करना होगा।’ उन्होंने शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के बीच संबंध का उल्लेख करते हुए एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग एवं कॉमिक्स (एवीजीसी) क्षेत्र को बढ़ावा देने की भी जरूरत पर बल दिया।

भारत के नवाचार-आधारित अर्थव्यवस्था की तरफ कदम बढ़ाने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने शैक्षणिक संस्थानों से अपने परिसरों को उद्योग सहयोग और शोध आधारित शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित करने का आह्वान किया, ताकि छात्रों को वास्तविक दुनिया का अनुभव मिल सके।

उन्होंने कहा कि इस वेबिनार में परिसरों को उद्योग सहयोग और शोध आधारित शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित करने पर मंथन होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने युवा शोधकर्ताओं को नवाचार और प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने वाली एक मजबूत शोध पारिस्थितिकी तैयार करने की जरूरत पर जोर दिया।

First Published : March 9, 2026 | 10:28 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)