भारत

दिल्ली एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा: स्विस एयरलाइंस के इंजन में लगी आग, बाल-बाल बचे 228 यात्री

दिल्ली एयरपोर्ट पर ज्यूरिख जा रहे स्विस एयरलाइंस विमान के इंजन में आग लगने से हड़कंप मच गया। इमरजेंसी निकासी के दौरान 4 यात्री घायल हुए, जबकि सभी सुरक्षित हैं

Published by
दीपक पटेल   
Last Updated- April 26, 2026 | 10:28 PM IST

रविवार तड़के दिल्ली हवाई अड्डे पर ज्यूरिख के लिए जाने वाले स्विस इंटरनैशनल एयर लाइंस के विमान को उड़ान भरने से रोकना पड़ा। उसके एक इंजन में आग लगने की वजह से ऐसा करना पड़ा। इस घटना के कारण आपातकाल घोषित कर दिया गया और विमान में सवार सभी यात्रियों को निकालना पड़ा। इस हादसे में चार यात्री और चालक दल का एक सदस्य घायल हो गया।

एयरलाइन ने बताया कि यह घटना उड़ान एलएक्स147 पर रात 1 बजे के कुछ ही देर बाद हुई, जब दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान भरने के दौरान एक इंजन में कोई दिक्कत आ गई। चालक दल ने टेकऑफ रोक दिया और एहतियात के तौर पर विमान को खाली कराने का फैसला किया। इस घटना में शामिल विमान एयरबस ए330 था। इस वाइड-बॉडी विमान का इस्तेमाल लंबी दूरी वाली उड़ानों के लिए किया जाता है। इस विमान में 228 यात्री, चार शिशु और चालक दल के 13 सदस्य सवार थे।

एयरपोर्ट परिचालक दिल्ली इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने बताया कि ‘पूरी तरह से आपातकाल घोषित कर दी दिया गया था। यह एयरपोर्ट पर बचाव और अग्निशमन सेवाओं के लिए चेतावनी का सबसे ऊंचा स्तर होता है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी तय सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत लागू कर दिए गए और यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया। डायल ने यह भी बताया कि एयरपोर्ट के संचालन पर असर नहीं पड़ा।

​स्विस एयरलाइंस ने बताया कि चार यात्री अस्पताल में हैं और कंपनी के कर्मचारी वहां मौजूद रहकर उनकी पूरी मदद कर रहे हैं। चालक दल के एक सदस्य को टखने में मोच आई है, जबकि चालक दल के बाकी सदस्य सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने घायलों की संख्या में पहले हुई विसंगति को स्वीकार किया। उसने बताया कि पहले छह यात्रियों के घायल होने की सूचना दी गई थी, लेकिन बाद में इस संख्या को दुरुस्त करके चार किया गया, क्योंकि दो लोग बिना चोट के साथ थे।

First Published : April 26, 2026 | 10:27 PM IST