प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के बाद तीसरी बार सरकार बनाने का विश्वास जताते हुए आज कहा कि देश के मिजाज को देखकर लगता है कि आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 370 और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 400 से अधिक सीटें मिलेंगी।
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्षी दल के सदस्यों के बयानों से उन्हें विश्वास हो गया है कि उन्होंने अरसे तक विपक्ष में बैठने का संकल्प ले लिया है।
मोदी ने कहा, ‘हमारा तीसरा कार्यकाल अगले 1,000 वर्षों के लिए मजबतू नींव रखने का काम करेगा। देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य पर मुझे अपार भरोसा है।’ प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि तीसरी बार उनकी सरकार बनेगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव को सदन ने प्रधानमंत्री के जवाब के बाद ध्वनिमत से स्वीकृति दे दी।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘खरगे जी एक सदन से दूसरे सदन में चले गए, गुलाम नबी आजाद पार्टी से ही चले गए…एक ही प्रोडक्ट लॉन्च करने के प्रयास में ‘कांग्रेस की दुकान’ को ताला लगने की नौबत आ गई है।’
मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ओबीसी के साथ अन्याय किया है, उसने अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) के नेताओं का अपमान करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले दिनों कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा की, जिन्हें 1987 में नेता प्रतिपक्ष के रूप में स्वीकार करने से कांग्रेस ने मना कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग चिंता जताते हैं कि मोदी सरकार में कितने पदों पर ओबीसी के लोग बैठे हैं। मोदी ने अपनी ओर इशारा करते हुए कहा, ‘उन्हें सबसे बड़ा ओबीसी नजर नहीं आता। कहां आंखें बंद करके बैठ जाते हैं।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर किसी परिवार के दस लोग भी अपनी योग्यता से राजनीति में आते हैं तो वह उनका स्वागत करेंगे। मोदी ने कहा, ‘नई पीढ़ी के अच्छे लोग आएं, स्वागत योग्य है। हम एक ही पार्टी को परिवार द्वारा चलाए जाने, परिवार के लोगों को प्राथमिकता देने, परिवार के लोगों द्वारा ही सारे निर्णय लिए जाने को परिवारवाद कहते हैं। यह लोकतंत्र के लिए खतरा है।’
उन्होंने विपक्षी गठबंधन की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘कुछ दिन पहले भानुमती का कुनबा जोड़ा गया, लेकिन फिर ‘एकला चलो रे’ करने लग गए। कांग्रेस के लोगों ने नया-नया मोटर मैकेनिक का काम सीखा है और इसलिए अलाइनमेंट का ज्ञान तो उन्हें हो गया होगा, लेकिन मैं देख रहा हूं कि अलायंस का ही अलाइनमेंट बिगड़ गया।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हम देश के तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की बात करते हैं तो कांग्रेस के साथी मजाक बनाते हैं। उन्होंने कहा, ‘यह मोदी की गारंटी है। मेरे तीसरे कार्यकाल में देश दुनिया की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा।’
मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमने गरीबों के लिए 4 करोड़ घर बनाए और शहरी गरीबों के लिए 80 लाख घर बनाए। कांग्रेस की रफ्तार से ये आवास बनते तो 100 साल लगते और पांच पीढ़ियां गुजर जातीं। हमने दस वर्ष में 40,000 किलोमीटर रेल मार्ग का विद्युतीकरण किया। कांग्रेस की रफ्तार से देश चलता तो इस काम को करने में 80 साल लग जाते। चार पीढ़ियां गुजर जातीं।’
मोदी ने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के एक भाषण का हवाला देते हुए कहा कि वह मानते थे कि देश के लोग आलसी हैं और उनमें दूसरे देशों के नागरिकों के मुकाबले कम अक्ल है। मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने एक बार कहा था कि दुर्भाग्यवश हमारी आदत यह है कि जब कोई शुभ काम पूरा होने को होता है तो हम आत्मतुष्टि की भावना से ग्रस्त हो जाते हैं और कठिनाई आने पर नाउम्मीद हो जाते हैं। कभी तो ऐसा लगने लगता है कि पूरे राष्ट्र ने पराजय भावना को अपना लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस के लोगों को देखकर लगता है कि इंदिरा जी देश के लोगों का सही मूल्यांकन नहीं कर पाईं, लेकिन कांग्रेस का सही आकलन उन्होंने किया था।
मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले कार्यकाल में संप्रग के समय के ‘गड्ढे भरने में’ समय और शक्ति लगाई, दूसरे कार्यकाल में नए भारत की नींव रखी और तीसरे कार्यकाल में विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे। उन्होंने पहले कार्यकाल में लागू स्वच्छ भारत, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सुगम्य भारत, डिजिटल इंडिया जैसी अनेक योजनाएं भी गिनाईं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के दूसरे कार्यकाल में देश ने अनुच्छेद 370 खत्म होते हुए देखा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू होते देखा, अंतरिक्ष से ओलिंपिक तक एवं सशस्त्र बलों से संसद तक नारी शक्ति के सामर्थ्य की गूंज देखी। उत्तर से दक्षिण तक, पूरब से पश्चिम तक लोगों ने दशकों से अटकी, भटकी, लटकी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा होते देखा। अंग्रेजी शासन के पुराने दंड प्रधान कानूनों से हटकर न्याय संहिता तक प्रगति की। हमारी सरकार ने सैकड़ों ऐसे कानूनों को समाप्त किया, जो अप्रासंगिक हो गए थे।’
मोदी ने कहा कि दूसरे कार्यकाल में ‘भगवान राम न सिर्फ अपने घर लौटे बल्कि एक ऐसे मंदिर का निर्माण हुआ जो भारत की महान सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊर्जा देता रहेगा।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार हर कोने से गरीबी को निकालने के लिए गरीब को समृद्ध बनाने के लिए अनेक प्रयास कर रही है।’