भारत

धमकी भरे ईमेल ने दिल्ली-कोलकाता उड़ान को पांच घंटे विलंब कराया, एक महिला यात्री हिरासत में ली गई

सूत्रों ने बताया कि मामले में पूछताछ के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने एक महिला को हिरासत में लिया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 27, 2024 | 9:01 PM IST

दिल्ली हवाई अड्डे को यात्रियों के सामान में विस्फोटक छिपा कर रखने होने का एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद, कोलकाता जाने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान मंगलवार को पांच घंटे से अधिक विलंब हो गई। अधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि मामले में पूछताछ के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने एक महिला को हिरासत में लिया है।

उसके साथ एक नवजात शिशु भी था। उन्होंने बताया कि उड़ान एसजी-8263 सुबह पांच बजकर 40 मिनट के आसपास रवाना होने वाली थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जांच पूरी करने और यात्रियों एवं चालक दल सदस्यों के ‘चेक-इन’ तथा ‘केबिन’ में रखे सामान की दोबारा जांच करने के बाद इसे पूर्वाह्न 11:30 बजे के बाद ही प्रस्थान करने की अनुमति दी गई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर हवाई अड्डा ड्यूटी प्रबंधक को सुबह करीब पांच बजकर 20 मिनट पर यह ईमेल प्राप्त हुआ कि उक्त उड़ान में ‘सुरक्षा संबंधी समस्या है’ और कोई व्यक्ति थैले एवं सामान में विस्फोटक ले जा रहा है। इसके बाद, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं।

अधिकारी ने कहा कि विमान को हवाई अड्डे पर एक अलग-थलग स्थान पर भेजा गया और सामान की पूरी जांच करने के बाद उक्त संदेश को अफवाह घोषित कर दिया गया तथा विमान को उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई।

बाद में, एक महिला यात्री को टर्मिनल क्षेत्र में रोका गया और सुरक्षा एजेंसियों ने उसे (महिला को) पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। महिला के साथ एक शिशु भी था। सूत्रों ने बताया कि संदेह है कि महिला से जुड़े किसी व्यक्ति ने ईमेल भेजा था।

First Published : February 27, 2024 | 9:01 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)