भारत

तिरुपति भगदड़: 6 की मौत, सीएम नायडू ने न्यायिक जांच और 25 लाख मुआवजे का ऐलान

तिरुपति भगदड़ में लापरवाही के लिए दो अधिकारियों को निलंबित और तीन वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला। मृतकों के परिजनों को 25 लाख और घायलों को 2 लाख की सहायता राशि।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 09, 2025 | 10:28 PM IST

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को कहा कि वह तिरुपति में भगदड़ की घटना की न्यायिक जांच का आदेश देंगे, जिसमें 6 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक सहित तीन वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया गया है।

नायडू ने कहा कि उन्होंने लापरवाही के लिए एक डीएसपी सहित दो अधिकारियों को निलंबित करने का भी आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने तिरुपति में प्रशासन और निगरानी तंत्र में कुछ कमियां पाई हैं, जिन्हें ‘बिल्कुल सही’ होना चाहिए था।

नायडू ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये और घायलों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने तिरुपति में टोकन जारी करने की एक नई प्रणाली शुरू की थी, जबकि पहले तिरुमला पहाड़ियों में टोकन देने की व्यवस्था थी। तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में बुधवार रात भगदड़ मचने से कम से कम 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए।

First Published : January 9, 2025 | 10:28 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)