भारत

TMC नेता शाहजहां शेख की बढ़ी मुश्किलें, राज्यपाल ने दिए जांच के आदेश

शेख के आतंकवादियों से कथित संबंध होने की राज्यपाल की टिप्पणियों की सत्तारूढ़ तृणमूल ने रविवार को तीखी आलोचना की।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 07, 2024 | 11:02 PM IST

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने प्राधिकारियों को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमले के मामले में मुख्य आरोपी व तृणमूल कांग्रेस (तृणमूल) के नेता शाहजहां शेख को तुरंत गिरफ्तार करने तथा आतंकवादियों के साथ उनके कथित संबंधों की जांच करने का निर्देश दिया है।

बोस ने कहा कि तृणमूल नेता ने शायद ‘हद पार कर दी’। शेख के आतंकवादियों से कथित संबंध होने की राज्यपाल की टिप्पणियों की सत्तारूढ़ तृणमूल ने रविवार को तीखी आलोचना की।

राज भवन द्वारा शनिवार देर रात जारी बयान में कहा गया कि राज्यपाल ने शिकायत मिलने के बाद पुलिस प्रमुख को दोषी को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। बयान में कहा गया, ‘राज भवन के शांति कक्ष में यह शिकायत मिली कि शाहजहां शेख को कुछ पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत के साथ कुछ नेताओं का समर्थन हासिल है, इसके बाद माननीय राज्यपाल ने पुलिस प्रमुख को दोषी को फौरन गिरफ्तार करने और इसके अनुपालन की जानकारी देने का निर्देश दिया।’ बोस ने शेख का पता लगाने और उन पर उचित कार्रवाई करने को कहा है।

First Published : January 7, 2024 | 11:02 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)