भारत

UP: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस और टैंकर की टक्कर में 18 लोगों की मौत

अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसबी शिरोडकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई जिनमें 14 पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 10, 2024 | 9:16 AM IST

उन्नाव जिले में बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस और टैंकर की टक्कर में 18 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना तड़के करीब पांच बजे बांगरमऊ इलाके में जोजीकोट गांव के पास हुई जब बिहार के सिवान से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस को दूध के टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी।

अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसबी शिरोडकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई जिनमें 14 पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जान गंवाने वालों में बस और टैंकर चालक भी हैं।

उन्होंने बताया कि हादसे में 19 लोग घायल हो गये हैं। क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ अरविंद कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के दो हिस्से हो गये और टैंकर भी पलट गया। उन्होंने कहा, ‘‘टैंकर बस से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था जिसके कारण यह हादसा हुआ।’’

कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बांगरमऊ कोतवाली और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

First Published : July 10, 2024 | 9:16 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)