भारत

UPSC CSE Final Result 2022: दो बार प्री भी पास नहीं कर पाईं, अब बनीं टॉपर, जानें कौन हैं इशिता किशोर

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 23, 2023 | 3:54 PM IST

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा 2022 के नतीजों की घोषणा कर दी। इशिता किशोर (Ishita Kishore) ने सिविल सेवा परीक्षा में टॉप किया है। गरिमा लोहिया और उमा हरीती एन ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। आइए जानते हैं कि कौन हैं सिविल सेवा परीक्षा की टॉपर इशिता किशोर

DU के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से की हैं पढ़ाई

टॉपर इशिता किशोर इकोनॉमिक से ग्रेजुएट हैं। उन्होंने 2017 में दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने अर्न्स्ट एंड यंग के साथ रिस्क एडवाइजरी में काम किया। वह एक सक्रिय खिलाड़ी रही हैं।

इशिता अपने स्कूल के समय से ही एक अच्छी ऑलराउंडर कलाकार रही हैं। इशिता ने अपने तीसरे प्रयास में UPSC की परीक्षा पास की। यह पहली बार था जब उन्होंने इंटरव्यू राउंड के लिए क्वालीफाई किया। अपने पहले दो प्रयासों में, वह UPSC की प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर सकीं।

933 अभ्यर्थियों ने पास की सिविल सेवा परीक्षा

UPSC ने कहा है कि 933 अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा पास की है। UPSC द्वारा सिविल सेवा परीक्षा सालाना तीन चरणों में आयोजित की जाती है, जिनमें अभ्यर्थियों को प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार से गुजरना होता है। इस परीक्षा के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत अन्य सेवाओं के अधिकारियों का चयन किया जाता है।

First Published : May 23, 2023 | 3:43 PM IST