Representative image
Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम फिर से करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी इस सिस्टम का असर देखने को मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है।
मध्य भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। यहां भी गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम फिलहाल बदलता हुआ बना रहेगा।