अंतरराष्ट्रीय

डच पोर्ट के पास जलते जहाज से बचाए गए 20 भारतीय सुरक्षित लौटे घर

पोत जर्मनी से मिस्र जा रहा था और 25 जुलाई को उसमें आग लगने से चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हो गए थे।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 04, 2023 | 4:09 PM IST

नीदरलैंड के पास एक मालवाहक पोत में भीषण आग लगने के बाद बचाए गए भारतीय चालक दल के 20 घायल सदस्य सुरक्षित घर लौट आए हैं। वहीं, घटना में मारे गए एक नाविक के पार्थिव शरीर को वापस लाया जा रहा है। भारतीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस कार्गो जहाज में करीब 3,800 कारें लदी हुई थीं। पोत फ्रेमेंटल हाईवे पनामा में पंजीकृत था। पोत जर्मनी से मिस्र जा रहा था और 25 जुलाई को उसमें आग लगने से चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हो गए थे। चालक दल के सभी सदस्य भारतीय थे।

हेग में भारतीय दूतावास ने मंच एक्स पर कहा, “जहाज फ्रेमेंटल हाईवे से बचाए गए 20 भारतीय पिछले सप्ताह सुरक्षित रूप से भारत पहुंच गए। इस कठिन समय में समर्थन और सहायता के लिए डच अधिकारियों के साथ-साथ हमारे नाविकों को उनके धैर्य और साहस के लिए धन्यवाद।” पहले, मंच एक्स का नाम ट्विटर था।

दूतावास ने कहा कि इस घटना में मारे गए एक सदस्य के पार्थिव शरीर को वापस भेजा जा रहा है। डच तटरक्षक बल ने जोर दिया कि जहाज पर आग लगने का कारण अज्ञात है। लेकिन एक बचावकर्मी की ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है जिसमें कहा गया कि एक इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी से आग शुरू हुई।

बीबीसी के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि एक इलेक्ट्रिक वाहन में विस्फोट भी हुआ। जहाज पर लदी कुल 3,783 कारों में से 498 इलेक्ट्रिक गाड़ियां थीं।

First Published : August 4, 2023 | 4:09 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)