अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप का ‘शूट एंड किल’ ऑर्डर, होर्मुज में ईरानी नौकाओं को देखते ही मार गिराए अमेरिकी नौसेना

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से बारूदी सुरंगों को हटाने के प्रयास तेज कर रही है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 23, 2026 | 8:57 PM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सुबह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अमेरिकी सेना को होर्मुज स्ट्रेट को अवरुद्ध करने वाली छोटी ईरानी नावों को ‘नष्ट करने’ का आदेश दिया। ट्रंप का यह पोस्ट अमेरिकी सेना द्वारा ईरानी तेल की तस्करी से जुड़े एक और टैंकर को जब्त करने के तुरंत बाद आया, जिससे होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तेहरान के साथ गतिरोध और बढ़ गया है। कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के व्यापार का 20 फीसदी हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है।

ट्रंप का ‘शूट एंड किल’ ऑर्डर

अमेरिकी राष्ट्रपति ने पोस्ट किया, ”मैंने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि होर्मुज स्ट्रेट के पानी में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली किसी भी नाव, चाहे वह छोटी ही क्यों न हो, को गोलीबारी कर नष्ट कर दिया जाए।” उन्होंने लिखा, ”किसी भी प्रकार की झिझक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, हमारे बारूदी सुरंग हटाने वाले यंत्र इस समय स्ट्रेट को साफ कर रहे हैं।”

Also Read: 1 मई की डेडलाइन, ट्रंप के लिए बड़ा संकट! क्या रुकेगा ईरान युद्ध?

हमले के बाद माइन क्लीयरेंस तेज

उन्होंने कहा, ”मैं आदेश देता हूं कि यह कार्य जारी रखा जाए, लेकिन तीन गुना अधिक रफ्तार से।” ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से बारूदी सुरंगों को हटाने के प्रयास तेज कर रही है। यह कदम ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स द्वारा होर्मुज में तीन मालवाहक जहाजों पर हमला करने और उनमें से दो को अपने कब्जे में लेने के एक दिन बाद उठाया गया है।

जब्त टैंकर पर अमेरिकी सेना की मौजूदगी

अमेरिकी रक्षा विभाग ने गुरुवार को हिंद महासागर में जब्त किए गए गिनी ध्वज वाले तेल टैंकर मैजेस्टिक एक्स के डेक पर अमेरिकी सेना की मौजूदगी का वीडियो फुटेज जारी किया। पेंटागन के एक बयान में कहा गया है, ”हम ईरान को भौतिक सहायता प्रदान करने वाले अवैध नेटवर्क को बाधित करने और उन्हें रोकने के लिए वैश्विक समुद्री प्रवर्तन जारी रखेंगे, चाहे वे कहीं भी संचालित हों।” इस घटना की खबर पर ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : April 23, 2026 | 8:57 PM IST