फ्रांस की राजधानी पेरिस में पुलिस के एक अधिकारी द्वारा एक किशोर को गोली मारे जाने की घटना के बाद लगातार तीसरे दिन लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी है।
कई जगहों पर प्रदर्शन हिंसक हो गया जिसमें सैकड़ों पुलिसकर्मी घायल भी हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने लगातार तीसरी दिन अलग-अलग जगहों पर अवरोधक लगाकर सड़कों को अवरूद्ध कर दिया और आगजनी की।
गौरतलब है कि मंगलवार को यातायात जांच के दौरान 17 वर्षीय नाहेल की हत्या का वीडियो भी सामने आया है। इस घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है और लोग काफी आक्रोशित हैं। इस घटना के बाद फ्रांस में हिंसक विरोध प्रदर्शन भड़क उठे और जगह-जगह आगजनी की घटनाएं हुईं तथा विरोध प्रदर्शन तीसरी रात भी रहा।
इस घटना के विरोध में देश में हुई हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और लगभग 100 सार्वजनिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। दंगाइयों ने अनेक वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। हिंसा पेरिस के बाद देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी भड़क गई है।
(पीटीआई के इनपुट के साथ)