US President Donald Trump
अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump शनिवार रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद सुरक्षित हैं। यह घटना डिनर स्थल के बाहर हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रंप और अन्य शीर्ष नेताओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति ने कार्यक्रम स्थल के पास गोलीबारी की। मौके पर मौजूद सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने उसे काबू कर लिया। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी को गोली लगी, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि हमलावर के पास कई हथियार थे और उसे बहुत करीब से गोली चलाते हुए रोका गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मी की जैकेट ने उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी को तुरंत बाहर निकाला गया। हालांकि, इस घटना में किसी आम व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, मशहूर हस्तियां और शीर्ष नेता मौजूद थे और सभी डॉनल्ड ट्रंप के भाषण का इंतजार कर रहे थे।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच गए। हॉल के अंदर मौजूद लोगों को तुरंत नीचे झुकने के लिए कहा गया और कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए टेबल के नीचे छिप गए। कुछ लोगों ने बताया कि उन्हें पांच से आठ गोलियां चलने जैसी आवाज सुनाई दी।
स्थिति को देखते हुए पूरे बैंक्वेट हॉल को तुरंत खाली करा लिया गया। बाहर और अंदर सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई। नेशनल गार्ड के जवानों को भी तैनात कर दिया गया। लोगों को बाहर जाने की अनुमति दी गई, लेकिन दोबारा अंदर आने से रोक दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक संदिग्ध हमलावर की मौजूदगी की पुष्टि हुई है, लेकिन घटना की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इस कार्यक्रम में ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी शामिल थे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।