अंतरराष्ट्रीय

भारतवंशी हिंदुजा परिवार की संपत्ति 38 अरब पाउंड पहुंची, ब्रिटेन में फिर टॉप पर

गोपीचंद हिंदुजा के निधन के बाद भी परिवार ने बरकरार रखी ब्रिटेन के सबसे अमीर परिवार की जगह

Published by
सुनयना चड्ढा   
Last Updated- May 18, 2026 | 10:04 AM IST

Hinduja Family Net Worth: हिंदुजा परिवार ने एक बार फिर ब्रिटेन के सबसे अमीर परिवार का खिताब अपने नाम कर लिया है। संडे टाइम्स रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक परिवार की कुल संपत्ति बढ़कर 38 अरब पाउंड पहुंच गई है। खास बात यह है कि लगातार पांचवें साल हिंदुजा परिवार इस लिस्ट में सबसे ऊपर बना हुआ है।

पिछले साल नवंबर में Hinduja Family के प्रमुख गोपीचंद हिंदुजा का 85 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके जाने के बाद अब परिवार की नई पीढ़ी कारोबार संभाल रही है। इस समय संजय हिंदुजा और धीरज हिंदुजा समूह की कमान संभाल रहे हैं।

दुनिया के 38 देशों में फैला कारोबार

Hinduja Family का कारोबार सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। समूह दुनिया के 38 देशों में काम करता है। कंपनी वाहन, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, डिजिटल तकनीक, ऊर्जा, रियल एस्टेट, स्वास्थ्य सेवा और मीडिया जैसे कई कारोबारों में मौजूद है। संजय हिंदुजा गल्फ ऑयल इंटरनेशनल का काम संभाल रहे हैं, जबकि धीरज हिंदुजा अशोक लेलैंड की जिम्मेदारी देख रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग का फायदा अशोक लेलैंड को मिला है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर करीब 40 फीसदी तक चढ़ गए हैं। इसके अलावा इंडसइंड बैंक और समूह की दूसरी वित्तीय कंपनियों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। बैंक के शेयरों में भी पिछले एक साल में अच्छी तेजी देखने को मिली।

दूसरे नंबर पर रहे रियूबेन बंधु

ब्रिटेन के अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर भारतीय मूल के डेविड रियूबेन और साइमन रियूबेन रहे। उनकी कुल संपत्ति करीब 28 अरब पाउंड बताई गई है। दोनों भाई इस समय लंदन की कई पुरानी और मशहूर इमारतों को आलीशान होटल में बदलने के बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।

अनिल अग्रवाल की रैंकिंग गिरी

इस लिस्ट में कई और भारतीय मूल के कारोबारी भी शामिल हैं। प्रकाश लोहिया 28वें स्थान पर पहुंचे हैं। वहीं वेदांता समूह के अनिल अग्रवाल की रैंकिंग नीचे खिसक गई है। पिछले साल वह 25वें स्थान पर थे, लेकिन इस बार 43वें नंबर पर पहुंच गए।

ब्रिटेन के अमीर और ज्यादा अमीर हुए

रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन के 350 सबसे अमीर लोगों और परिवारों की कुल संपत्ति अब 784 अरब पाउंड हो गई है। हालांकि वैश्विक अर्थव्यवस्था की सुस्ती का असर भी दिख रहा है। इस साल अमीरों की लिस्ट में शामिल होने के लिए जरूरी न्यूनतम संपत्ति घटकर 340 मिलियन पाउंड रह गई है।

लक्ष्मी मित्तल लिस्ट से बाहर

ब्रिटेन के बदले हुए कर नियमों का असर भी इस लिस्ट पर दिखा। पिछले साल लिस्ट में शामिल रहे कई विदेशी अमीर इस बार बाहर हो गए। इसमें इस्पात कारोबारी लक्ष्मी मित्तल का नाम भी शामिल है।

First Published : May 18, 2026 | 9:52 AM IST