अंतरराष्ट्रीय

2 महीने की रोक के बाद भारत ने कनाडाई नागरिकों के लिए फिर से शुरू की E-Visa सर्विस

भारत ने कनाडा से यह भी कहा था कि वह अपनी धरती से गतिविधियां चला रहे आतंकवादियों और भारत विरोधी तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करे।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 22, 2023 | 3:09 PM IST

भारत ने करीब दो महीने के विराम के बाद कनाडाई नागरिकों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वीजा सेवा बहाल कर दी है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सितंबर महीने में भारत और कनाडा के रिश्तों में उस समय तनाव पैदा हो गया था जब कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने ब्रिटिश कोलंबिया में 18 जून को खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की संभावित संलिप्तता का आरोप लगाया था।

भारत ने 2020 में निज्जर को आतंकवादी घोषित किया था। भारत ने ट्रूडो के आरोपों को ‘बेतुका’ बताकर खारिज कर दिया था। कुछ दिन बाद भारत ने घोषणा की कि वह कनाडाई नागरिकों को वीजा जारी करने की प्रक्रिया को अस्थायी रूप से निलंबित कर रहा है। उसने कनाडा से भारत में अपने राजनयिकों की संख्या कम करने को भी कहा था।

भारत ने कनाडा से यह भी कहा था कि वह अपनी धरती से गतिविधियां चला रहे आतंकवादियों और भारत विरोधी तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करे। सूत्रों ने बताया कि भारत ने कनाडाई नागरिकों के लिए ई-वीजा सेवा फिर से शुरू कर दी है।

First Published : November 22, 2023 | 3:09 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)