अंतरराष्ट्रीय

भारतीय पर्यटकों को मिलेगा श्रीलंका का मुफ्त वीजा, 6 अन्य देशों को भी मिली मंजूरी

कैबिनेट ने भारत, चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिया और थाईलैंड के यात्रियों के लिए तत्काल प्रभाव से मुफ्त प्रवेश को मंजूरी दे दी।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 24, 2023 | 9:23 PM IST

श्रीलंका की कैबिनेट ने कर्ज में फंसे द्वीप राष्ट्र में पर्यटन क्षेत्र के पुनर्निर्माण के प्रयासों के बीच भारत और छह अन्य देशों के यात्रियों को मुफ्त पर्यटक वीजा जारी करने की नीति को मंजूरी दे दी है। विदेश मंत्री अली साबरी ने मंगलवार को यह बात कही।

विदेश मंत्री साबरी ने एक बयान में कहा कि इसे 31 मार्च, 2024 तक प्रायोगिक परियोजना के रूप में लागू किया जाएगा।

कैबिनेट ने भारत, चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिया और थाईलैंड के यात्रियों के लिए तत्काल प्रभाव से मुफ्त प्रवेश को मंजूरी दे दी। इन देशों के पर्यटक श्रीलंका दौरे पर बिना किसी शुल्क के वीजा प्राप्त कर सकेंगे।

साल 2019 में ईस्टर के दिन हुए बम विस्फोटों के बाद श्रीलंका में पर्यटकों का आगमन कम हो गया था। विस्फोटों में 11 भारतीयों सहित 270 लोग मारे गए थे और 500 से अधिक घायल हुए थे।

First Published : October 24, 2023 | 9:23 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)