अंतरराष्ट्रीय

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को सभी वा​णि​ज्यिक पोतों के लिए खोला, ट्रंप ने पहल का किया स्वागत

होर्मुज खुलने की खबर से कच्चे तेल के दाम 10 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- April 17, 2026 | 10:19 PM IST

ईरान ने आज कहा कि होर्मुज स्ट्रेट सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए ‘पूरी तरह से खुला’ है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘लेबनान में हुए युद्ध विराम के मद्देनजर, होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरने वाले सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए मार्ग को युद्ध विराम की शेष अवधि के लिए पूरी तरह से खुला घोषित किया गया है।’ अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने गुरुवार को लेबनान और इजरायल के बीच 10 दिनों के युद्ध विराम की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि इजरायल को लेबनान पर और हमले करने से रोका गया है।

हालांकि अराघची ने कहा कि जहाजों को ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा पहले से घोषित समन्वित मार्ग पर ही चलना होगा। कुछ ही मिनट बाद ट्रंप ने भी ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इस घोषणा को साझा किया। ट्रंप ने होर्मुज के बारे में पोस्ट किया, ‘ईरान ने अभी-अभी घोषणा की है कि ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ पूरी तरह से खुला है और पूरी तरह से आवाजाही के लिए तैयार है। धन्यवाद!’

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की मदद से ईरान होर्मुज स्ट्रेट से सभी समुद्री बारूदी सुरंगें हटा रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकाबंदी तब तक जारी रहेगी जब तक ईरान युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका के साथ किसी समझौते पर नहीं पहुंच जाता।

होर्मुज खुलने की खबर से कच्चे तेल के दाम 10 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। एसऐंडपी 500 में 0.7 फीसदी और डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज में 1 फीसदी की तेजी आई। नैस्डैक कंपोजिट भी 1 फीसदी चढ़ गया। इससे पहले ईरान ने एक बयान में कहा था कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला है, जिससे तेल टैंकर फिर से फारस की खाड़ी से बाहर निकल सकेंगे और दुनिया भर के ग्राहकों तक कच्चा तेल पहुंचा सकेंगे। अमेरिका और इजरायल के साथ अपने टकराव के बाद ईरान ने प्रभावी रूप से होर्मुज स्ट्रेट को अवरुद्ध कर दिया था, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति ठप पड़ गई थी।

ट्रंप ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से खुला है और व्यापार तथा आवाजाही के लिए तैयार है लेकिन नौसैनिक नाकाबंदी सिर्फ ईरान के मामले में पूरी ताकत और असर के साथ तब तक जारी रहेगी, जब तक ईरान के साथ हमारा पक्का समझौता नहीं हो जाता। यह प्रक्रिया बहुत तेजी से आगे बढ़नी चाहिए क्योंकि ज्यादातर मुद्दों पर पहले ही बातचीत हो चुकी है।’

यह घटनाक्रम पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के ईरान में शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करने के एक दिन बाद सामने आया है। यह बातचीत अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष को सुलझाने के पाकिस्तान के प्रयासों का हिस्सा थी। मुनीर ने गुरुवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकिर गालिबाफ और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के शीर्ष कमांडरों से मुलाकात की थी। गालिबाफ ने बातचीत के लिए पाकिस्तान गए ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था, उन्होंने अमेरिका से लेबनान में शांति समझौते की दिशा में प्रतिबद्धता जताने का आग्रह किया है।

Also Read: भारत ने ईरान का तेल डॉलर नहीं युआन में खरीदा, क्यों बदला पेमेंट का तरीका?

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी के अनुसार मुनीर संघर्ष-विराम पर सहमति बनने के बाद तेहरान का दौरा करने वाले पहले विदेशी सैन्य नेता हैं। उन्होंने रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय का भी दौरा किया, जहां उन्होंने इसके कमांडर से मुलाकात की। इस बीच, पाकिस्तान ने अगले हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली अहम बातचीत के दूसरे दौर की मेजबानी की तैयारी शुरू कर दी है। पहले दौर की बातचीत बिना किसी समझौते के ही खत्म हो गई थी।

पाकिस्तान के सरकारी सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर वापस लाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर जोरदार हलचल देखने को मिली। इसमें सफलता भी मिली क्योंकि दोनों ही पक्ष दो हफ्ते के लिए हुई अस्थायी युद्धविराम का पालन कर रहे हैं, जिससे पाकिस्तान को अपनी मध्यस्थता की कोशिशें फिर से शुरू करने का मौका मिल गया है।

शांति समझौते की संभावनाओं को और बल तब मिला, जब गुरुवार को ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि अगर ईरान के साथ अंतिम समझौता इस्लामाबाद में होता है तो वह वहां की यात्रा कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान ने उन सभी बातों को लगभग स्वीकार कर लिया है, जिन पर फिलहाल बातचीत चल रही है।

Also Read: Forex Reserve: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 3.82 अरब डॉलर बढ़कर फिर 700 अरब डॉलर के पार

ट्रंप ने संकेत दिया कि वह इस संघर्ष-विराम को आगे बढ़ा सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर समय रहते कोई समझौता हो जाता है तो शायद ऐसा करने की जरूरत न पड़े। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष-विराम 21 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा।

First Published : April 17, 2026 | 10:12 PM IST