अंतरराष्ट्रीय

ईरान के ‘नए शासन’ ने की सीजफायर की मांग! ट्रंप बोले- हॉर्मुज खुले तो करेंगे विचार

गौरतलब है कि यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान ने कुछ शर्तों के साथ संघर्ष समाप्त करने के संकेत दिए हैं

Published by
अक्षिता सिंह   
Last Updated- April 01, 2026 | 7:20 PM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि ईरान के “नए शासन” ने युद्धविराम (सीजफायर) की मांग की है, लेकिन उन्होंने कहा कि वाशिंगटन इस पर तभी विचार करेगा जब हॉर्मुज स्ट्रेट “खुला, मुक्त और सुरक्षित” होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि तब तक सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, “ईरान के नए शासन के राष्ट्रपति, जो अपने पूर्ववर्तियों की तुलना में कम कट्टर और कहीं अधिक समझदार हैं, ने अभी अमेरिका से सीजफायर की मांग की है। हम इस पर तभी विचार करेंगे जब हॉर्मुज स्ट्रेट खुला, मुक्त और सुरक्षित होगा। तब तक हम ईरान को पूरी तरह तबाह कर रहे हैं, या जैसा वे कहते हैं, उसे ‘पाषाण युग’ में वापस भेज रहे हैं।” 

Also Read: Silver Funds में रिकॉर्ड तेजी के बाद ठहराव: अब आगे क्या करें निवेशक?

गौरतलब है कि यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान ने कुछ शर्तों के साथ संघर्ष समाप्त करने के संकेत दिए हैं। समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, “ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा कि अगर तेहरान को भविष्य में हमले न होने का विश्वसनीय आश्वासन मिलता है, तो वह अमेरिका और इजराइल के साथ शत्रुता समाप्त करने को तैयार होगा।

एंटोनियो कोस्टा के साथ बातचीत के दौरान पेज़ेश्कियन ने कहा कि किसी भी समझौते में आगे किसी सैन्य कार्रवाई को रोकने के लिए ठोस गारंटी शामिल होनी चाहिए। हालांकि, ईरानी मंत्रियों ने अमेरिका के साथ “प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष” संपर्क में होने से इनकार किया है।

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व के साथ बैकचैनल बातचीत होने का दावा किया है। पहले भी उन्होंने कहा था कि ईरान के पास अभी भी “कुछ अच्छे नेता” हैं और बातचीत में “प्रगति” हो रही है। हालांकि उन्होंने इसमें शामिल लोगों का खुलासा नहीं किया। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने अमेरिका द्वारा पेश किए गए 15-सूत्रीय शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।

First Published : April 1, 2026 | 7:20 PM IST