नईम कासिम
इजराइल ने गुरुवार को कहा कि उसने बेरूत में रातभर किए गए हमले में हिज़्बुल्लाह नेता नईम कासिम के भतीजे को मार दिया है। इजराइली सेना ने बताया कि उसने बेरूत इलाके में हमला करके अली यूसुफ हरशी को मार गिराया, जो हिज़्बुल्लाह के प्रमुख नईम कासिम का निजी सचिव और भतीजा था। लेबनान की सरकारी मीडिया के अनुसार, इजराइल ने आधी रात से ठीक पहले और सुबह के समय बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर हमला किया। इसके अलावा, गुरुवार सुबह दक्षिण लेबनान के कई कस्बों को भी निशाना बनाया गया।
वहीं, हिज़्बुल्लाह ने कहा कि वह पहले युद्धविराम के कारण हमले रोक रहा था, लेकिन अब उसने फिर से हमले शुरू कर दिए हैं। संगठन ने बताया कि उसने इजराइल की सीमा की ओर एक बार और दक्षिण लेबनान में तैनात इजराइली सैनिकों पर दो बार हमला किया।
इजराइली हमलों के बाद लेबनान में बचाव दल पूरी रात मलबे में फंसे घायलों को निकालने में लगे रहे। ये हमले घनी आबादी वाले इलाकों में बिना किसी चेतावनी के किए गए, जिससे लोगों को भागने का मौका नहीं मिला। बेरूत के रहने वाले नईम चेब्बो ने कहा, “यह मेरा घर है, मैं यहां 51 साल से रह रहा हूं। अब सब कुछ बर्बाद हो गया है।”