अंतरराष्ट्रीय

ईरान पर हमले सिर्फ ‘लव टैप’, ट्रंप बोले- सीजफायर अब भी जारी

होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के बीच ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई को बताया सीमित, अमेरिकी नौसेना पर हमले का भी किया जिक्र

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- May 08, 2026 | 11:06 AM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने गुरुवार (स्थानीय समय) को ईरानी ठिकानों पर हालिया अमेरिकी कार्रवाई को “लव टैप” बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच हालिया सैन्य गतिविधियों के बावजूद युद्धविराम (सीजफायर) अब भी प्रभावी है। ट्रंप ने यह टिप्पणी ABC News की वरिष्ठ राजनीतिक संवाददाता रैचल स्कॉट के साथ फोन पर बातचीत के दौरान की। उन्होंने इन हमलों को सीमित दायरे की कार्रवाई बताया।

स्कॉट ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने फोन पर मुझसे कहा कि ईरानी ठिकानों पर जवाबी हमले सिर्फ एक ‘लव टैप’ हैं। ‘यह सिर्फ एक लव टैप है।’” जब स्कॉट ने पूछा कि क्या हालिया तनाव बढ़ने का मतलब सीजफायर खत्म हो गया है, तो ट्रंप ने जवाब दिया, “नहीं, नहीं, सीजफायर जारी है। यह प्रभावी है।”

होर्मुज पर तनाव बढ़ा

यह बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी नौसेना और ईरानी बलों के बीच गोलीबारी के बाद क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग माना जाता है।

इससे पहले ट्रंप ने अमेरिकी और ईरानी नौसैनिक बलों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में हुई गोलीबारी की पुष्टि की थी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच सीजफायर के बावजूद यह घटना हुई, लेकिन अमेरिकी नौसेना के तीन विध्वंसक जहाज (डिस्ट्रॉयर) सफलतापूर्वक इस रणनीतिक जलमार्ग से गुजर गए।

ये भी पढ़ें… ट्रंप को बड़ा कानूनी झटका: अमेरिकी अदालत ने 10% ग्लोबल टैरिफ को बताया गैरकानूनी

ट्रूथ सोशल पर पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना के तीन डिस्ट्रॉयर “बहुत सफलतापूर्वक” होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकले, हालांकि इस दौरान ईरानी बलों ने उन पर गोलीबारी की। ट्रंप ने आगे दावा किया कि ईरानी नौसैनिक नौकाएं “पूरी तरह नष्ट” कर दी गईं और जहाजों को निशाना बनाने वाली मिसाइलों तथा ड्रोन को इंटरसेप्ट कर लिया गया।

इस बीच गुरुवार (स्थानीय समय) को दक्षिणी ईरान के क़ेश्म बंदरगाह और बंदर अब्बास के पास कई विस्फोटों की खबरें सामने आईं। फॉक्स न्यूज की मुख्य राष्ट्रीय सुरक्षा संवाददाता जेनिफर ग्रिफिन ने एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के इन रणनीतिक समुद्री ठिकानों पर हमला किया। ईरानी सरकारी मीडिया की कई रिपोर्टों के मुताबिक दक्षिणी ईरान के इन इलाकों में कई धमाके सुने गए।

पश्चिम एशिया में पूर्ण युद्ध की वापसी!

फॉक्स न्यूज संवाददाता ने एक्स पर पोस्ट की एक सीरीज में कहा कि वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने हमलों की पुष्टि की, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि इसका मतलब पश्चिम एशिया में पूर्ण युद्ध की वापसी या मौजूदा सीजफायर का अंत नहीं है।

उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने मुझे बताया कि अमेरिकी सेना ने अभी ईरान के क़ेश्म बंदरगाह और बंदर अब्बास पर हमला किया है, लेकिन यह युद्ध दोबारा शुरू होने जैसा नहीं है। इसके बाद एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि अधिकारी ने दोहराया कि यह कार्रवाई सीमित दायरे की थी और इसे बड़े सैन्य तनाव या दोनों पक्षों के बीच जारी तनाव कम करने के प्रयासों के टूटने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

ग्रिफिन ने लिखा, “एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने मुझे बताया कि कुछ देर पहले अमेरिकी सेना ने ईरान के क़ेश्म बंदरगाह और बंदर अब्बास पर हमला किया, लेकिन यह युद्ध की दोबारा शुरुआत या सीजफायर का अंत नहीं है।”

First Published : May 8, 2026 | 11:06 AM IST