अंतरराष्ट्रीय

G-7 Summit: डेढ़ साल बाद आमने-सामने आए मोदी-ट्रंप, अभिवादन स्वीकार किया हुई संक्षिप्त बातचीत

दोनों नेताओं की बुधवार को सम्मेलन के इतर द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। तत्काल यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्या बातचीत की

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- June 16, 2026 | 8:21 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने मंगलवार को फ्रांस के इविन-लेस-बेन्स में G-7 सम्मेलन के दौरान एक दूसरे का अभिवादन स्वीकार किया और संक्षिप्त बातचीत की। करीब डेढ़ साल में दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी। मोदी और ट्रंप गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए दिखे और उसके बाद उन्होंने थोड़ी बातचीत भी की।

तनाव के बीच होगी अहम द्विपक्षीय वार्ता

दोनों नेताओं की बुधवार को सम्मेलन के इतर द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। तत्काल यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्या बातचीत की। ट्रंप द्वारा मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को रोकने में अहम भूमिका निभाने के दावे किये जाने और अमेरिका की ओर से भारत पर दंडात्मक शुल्क लगाए जाने के बाद नई दिल्ली-वाशिंगटन के रिश्तों में भारी गिरावट आई।

Also Read: सरकारी आदेश पर Google ने Telegram ऐप को प्ले स्टोर से हटाया, Apple भी उठा सकती है ऐसा कदम

रिश्ते सुधारने की कोशिशों को झटका

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की पिछले महीने भारत यात्रा के बाद, दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि, ओमान के तट के पास पिछले हफ्ते एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में फिर से तनाव आ गया।

व्हाइट हाउस दौरे का मिला निमंत्रण

रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से उन्हें ‘निकट भविष्य’ में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने भारत को हिंद-प्रशांत को लेकर तैयार अमेरिकी नीति का ‘आधार’ बताया था। प्रधानमंत्री मोदी G-7 सम्मेलन के दौरान दुनिया के कई अन्य नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : June 16, 2026 | 8:18 PM IST