अंतरराष्ट्रीय

श्रीलंका ने बाजार में किल्लत दूर करने के लिए भारत से मंगवाए 20 लाख अंडे

Published by
भाषा
Last Updated- March 23, 2023 | 5:03 PM IST

श्रीलंका ने खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत से 20 लाख अंडों का आयात किया है। व्यापार मंत्री नलिन फर्नान्डो ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। फर्नान्डो ने संसद को दी जानकारी में कहा कि स्टेट ट्रेडिंग जनरल कॉरपोरेशन ने अंडों का आयात किया है और यह खेप यहां पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि तीन दिन के भीतर इन्हें बाजार में पहुंचा दिया जाएगा।

व्यापार मंत्री ने कहा कि देश में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंत्रिमंडल समिति ने अंडे आयात करने का फैसला किया। इससे पहले, जनवरी में जब बाजार में किल्लत की जानकारी मिली थी तब पशु उत्पादन एवं स्वास्थ्य विभाग ने भारत और पाकिस्तान से अंडे के आयात को मंजूरी देने से इनकार कर दिया था क्योंकि दोनों ही देशों से इससे पहले बीते छह माह के दौरान बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे।

स्वास्थ्य विभाग ने तब कहा था कि अंडे उसी देश से मंगवाए जाने चाहिए जहां बीते छह महीने में बर्ड फ्लू के मामले सामने नहीं आए हों।

First Published : March 23, 2023 | 5:03 PM IST