अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने मंगलवार को चेतावनी दी कि ”आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है”, लेकिन वाशिंगटन में रात 8 बजे की समय सीमा से पहले ईरान के पास आत्मसमर्पण करने का मौका है।
अमेरिकी नेता ने मंगलवार को यह सख्त चेतावनी जारी की, जो ईरान के लिए दी गई समय-सीमा से लगभग 12 घंटे पहले आई है। इस समय-सीमा के तहत ईरान को ‘होर्मुज स्ट्रेट’ को फिर से खोलने सहित एक समझौते पर सहमत होने को कहा गया है, अन्यथा उसे दंडात्मक हमलों का सामना करना पड़ेगा।
ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट पर लिखा, ”आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो जाएगा, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा ही होगा।” हालांकि, ट्रंप के बयान में समाधान की गुंजाइश अब भी रखी गई है और उन्होंने कहा कि ”शायद कुछ क्रांतिकारी और अद्भुत बात हो सकती है।”
ट्रंप की धमकी पर साउथ अफ्रीका स्थित ईरानी दूतावास ने जवाब दिया है। ईरान ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों को ईरान की प्राचीन सभ्यता से ऐसा जवाब मिलेगा, जिसे कभी भूल नहीं पाएंगे।
Also Read: इनकम टैक्स के नए नियम लागू: अब 24Q और 26Q की छुट्टी, फॉर्म 138 और 140 से TDS भरना होगा आसान!
वाशिंगटन द्वारा तेहरान को दी गई चेतावनी के बाद भारत ने मंगलवार को ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को अगले 48 घंटों तक ”जहां हैं, वहीं रहने” की सलाह दी। आपातकालीन परामर्श में, ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों से घर के भीतर रहने तथा सैन्य ठिकानों, ऊर्जा ढांचों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से पूरी तरह दूर रहने का आग्रह किया।