अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप ने चीन-फ्रांस-ब्रिटेन से होर्मुज में युद्धपोत भेजने की अपील की, कहा: आपको अपनी नौसेना तैनात करनी होगी

ट्रंप ने हॉर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित रखने के लिए चीन और ब्रिटेन सहित कई देशों से सैन्य सहयोग मांगा है, ताकि ईरान के खतरों को मिटाया जा सके

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- March 14, 2026 | 9:01 PM IST

होर्मुज स्ट्रेट संकट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने नया रुख अपनाया है। ट्रंप ने कहा कि दुनिया के इस सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते को खुला रखने के लिए अब केवल अमेरिका ही नहीं, बल्कि चीन, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे देशों को भी अपनी नौसेना तैनात करनी होगी। ट्रुथ सोशल पर शेयर की गई अपनी एक पोस्ट में ट्रंप ने उन देशों को सीधी नसीहत दी है, जिनका व्यापार इस समुद्री रास्ते के बंद होने से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जो देश ईरान की हरकतों से परेशान हैं, उन्हें अमेरिका के साथ मिलकर अपनी युद्धपोत (warships) वहां भेजने चाहिए।

इन देशों से ट्रंप ने मांगी मदद

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में खासतौर पर चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन का नाम लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति का मानना है कि चूंकि इन देशों की ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार काफी हद तक होर्मुज स्ट्रेट पर निर्भर है, इसलिए उन्हें इस “बाधा” को हटाने में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि ये देश जल्द ही अपने जहाज उस क्षेत्र में भेजेंगे ताकि ईरान की ओर से पैदा किया गया खतरा खत्म हो सके।

ईरान की सैन्य क्षमता पर ट्रंप का दावा

हैरान कर देने वाला दावा करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान की 100% सैन्य क्षमता को पहले ही खत्म कर दिया है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि भले ही ईरान “पूरी तरह से पस्त” हो चुका है, लेकिन वह अभी भी छोटे हमले कर सकता है। ट्रंप के अनुसार, ईरान की सेना अभी भी ड्रोन भेजने, समुद्र में माइंस (सुरंगें) बिछाने या कम दूरी की मिसाइलें दागने की स्थिति में है, जिससे समुद्री यातायात के लिए खतरा बना हुआ है।

Also Read: सरकार ने कहा: दो भारतीय गैस टैंकर ने सुरक्षित ‘होर्मुज स्ट्रीट’ किया पार, जल्द पहुंचेगे गुजरात के बंदरगाह

होर्मुज स्ट्रेट क्यों है इतना महत्वपूर्ण?

दुनिया के नक्शे पर होर्मुज स्ट्रेट एक छोटा सा रास्ता है जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है, लेकिन वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए यह किसी लाइफलाइन से कम नहीं है।

  • दुनिया का एक बड़ा तेल और प्राकृतिक गैस (LNG) का व्यापार इसी रास्ते से होता है।
  • एशिया और यूरोप के बाजारों तक कच्चा तेल पहुंचाने के लिए यह सबसे मुख्य गलियारा है।
  • इस रास्ते में जरा सी भी रुकावट आने पर पूरी दुनिया में पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छूने लगती हैं।

अमेरिका की सैन्य कार्रवाई और चेतावनी

ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि अमेरिकी सेना आगे भी चुप नहीं बैठने वाली है। उन्होंने जानकारी दी कि अमेरिकी बल ईरान के तटीय इलाकों के पास सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। ट्रंप ने अपने परिचित अंदाज में कहा कि अमेरिका ईरान के तटों पर भारी बमबारी कर रहा है और ईरानी जहाजों को पानी में डुबो रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अमेरिका किसी भी कीमत पर होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित और फ्री कराकर ही दम लेगा।

First Published : March 14, 2026 | 8:56 PM IST