अंतरराष्ट्रीय

Ireland: डबलिन में चाकूबाजी की घटना के बाद देशभर में हिंसक विरोध प्रदर्शन

हिंसा के बाद पुलिस और राजनेताओं ने शांति का आह्वान किया और हिंसा को लेकर गलत सूचना के खिलाफ चेतावनी दी।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 24, 2023 | 3:13 PM IST

आयरलैंड की राजधानी डबलिन में गुरुवार को एक स्कूल के बाहर चाकू के हमले में तीन बच्चों और एक महिला के घायल होने के बाद शाम को हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें वाहनों को आग लगा दी गई और दंगा पुलिस पर हमला बोल दिया गया।

इससे पहले गुरुवार को चाकू के हमले में पांच साल की एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई थी। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

आयरलैंड पुलिस ने कहा कि स्कूल के बाहर हुए हमले के बाद लड़की का डबलिन के अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमले की खबर के तुरंत बाद कम से कम 100 लोग सड़कों पर उतर आए।

उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के पास धातु की छड़े थीं तथा कुछ लोगों ने अपना चेहरा ढक रखा था। पुलिस ने कहा कि हिंसा को नियंत्रित करने के लिए डबलिन सिटी सेंटर में 400 से अधिक अधिकारियों को तैनात किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि हिंसक झड़पों को कुछ असामाजिक तत्वों ने अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि आयरिश संसद भवन, लेइनस्टर हाउस के आसपास भी एक सुरक्षा घेरा बनाया गया था तथा माउंटेड सपोर्ट यूनिट के अधिकारी पास के ग्राफ्टन स्ट्रीट में मोर्चा संभाले हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने दंगा पुलिस के साथ भी झड़पें की। इस दौरान कई पुलिस वाहन और एक ट्राम क्षतिग्रस्त हो गयी, जबकि शहर के ओ’कोनेल ब्रिज पर एक बस और कार में भी आग लगा दी गई। हिंसा के बाद पुलिस और राजनेताओं ने शांति का आह्वान किया और हिंसा को लेकर गलत सूचना के खिलाफ चेतावनी दी।

First Published : November 24, 2023 | 3:13 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)