भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव (Tripura By Poll Result) में शुक्रवार को जीत दर्ज की।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा के तफ्फजल हुसैन ने बॉक्सानगर सीट पर 30,237 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर करीब 66 फीसदी मतदाता अल्पसंख्यक हैं। हुसैन को 34,146 वोट मिले जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी मिजान हुसैन को 3,909 वोट मिले।
भाजपा प्रत्याशी बिंदू देबनाथ ने धनपुर सीट पर 18,871 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर मतदाताओं का एक बड़ा तबका आदिवासी समुदाय का है। देबनाथ को 30,017 वोट मिले तथा माकपा के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले।
माकपा ने मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और निर्वाचन आयोग द्वारा कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार किया है। दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और माकपा के बीच ही मुकाबला है क्योंकि दो अन्य विपक्षी दलों टिपरा मोथा और कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है।
पांच सितंबर को हुआ था मतदान
उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था। दोनों सीटों पर औसतन 86.50 फीसदी मतदान हुआ था। मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सोनमुरा गर्ल्स स्कूल में हुई।
माकपा विधायक समसुल हक के निधन के कारण बॉक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव आवश्यक हो गया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।
भाजपा ने उपचुनाव में बरकरार रखी धनपुर सीट
भाजपा ने सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार धनपुर सीट पर जीत दर्ज की थी और उपचुनाव में यह सीट बरकरार रखी। सत्तारूढ़ पार्टी ने उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल करते हुए अल्पसंख्यक बहुल बॉक्सानगर सीट माकपा से छीन ली। इस जीत के साथ ही 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या 33 हो गयी है।
केरल में कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन की जीत
Kerala By Poll Results: केरल में पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू हुई और शुरुआती रुझानों में ही विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के उम्मीदवार चांडी ओमन ने बढ़त हासिल कर ली थी। अब वोटों की गिनती पूरी हो गई है और उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन की जीत दर्ज कर ली है।
पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर भाजपा आगे
West Bengal By Poll Results: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर शुक्रवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार ने बढ़त हासिल कर ली है। उपचुनाव के तहत इस विधानसभा सीट पर पांच सितंबर को मतदान हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि दो चरण की गणना के बाद भाजपा उम्मीदवार तापसी रॉय 1,085 मतों से आगे हैं।