ताजा खबरें

Delhi Weather Today: ठंड से कांपी दिल्ली, छाया घना कोहरा….जानें आज कितना गिरा पारा

राष्ट्रीय राजधानी और कई अन्य राज्यों में घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 22 ट्रेन एक से छह घंटे की देरी से चलीं।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 14, 2024 | 3:10 PM IST

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह भी कड़ाके की ठंड जारी रही, इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सर्दी का सबसे कम तापमान है। कई हिस्सों में घना कोहरा देखा गया। मौसम अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से चार डिग्री कम दर्ज किया गया। आईएमडी ने राष्ट्रीय राजधानी में अगले दो दिन तक बहुत घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति की संभावना जताई है।

20 जनवरी तक रहेगा घना कोहरा

आईएमडी ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में 20 जनवरी तक घना कोहरा देखने को मिल सकता है। भारतीय रेलवे ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी और कई अन्य राज्यों में घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 22 ट्रेन एक से छह घंटे की देरी से चलीं।

मौसम कार्यालय के अनुसार, “बहुत घना” कोहरा तब होता है जब दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच होती है, 51 से 200 मीटर के बीच “घना”, 201 से 500 मीटर के बीच “मध्यम” और 501 से 1,000 मीटर के बीच “कम” होता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुबह नौ बजे 458 था,जो गंभीर की श्रेणी में आता है।

First Published : January 14, 2024 | 3:10 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)