ताजा खबरें

40% करेक्ट हो चुका है Realty Stock, अब एमके ग्लोबल ने शुरू की कवरेज; 48% अपसाइड के साथ ₹420 का टारगेट

Realty Stock: ब्रोकरेज के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र और पुणे में आने वाले नए प्रोजेक्ट्स से बिक्री में और तेज बढ़ोतरी हो सकती है, जो अभी उनके मौजूदा अनुमान में शामिल नहीं है

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- March 24, 2026 | 11:52 AM IST

Kalpataru Stock: रेसिडेंशियल और कमर्शियल प्रोजेक्ट बनाने वाली रियल एस्टेट कंपनी कल्पतरु लिमिटेड (Kalpataru Ltd) के शेयर मंगलवार (24 मार्च) को शुरुआती कारोबार में 8 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी ग्लोबल ब्रोकरेज एमके ग्लोबल के शेयर पर कवरेज शुरू करने के चलते देखने को मिली। एमके ग्लोबल ने 420 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ कल्पतरु पर कवरेज शुरू की है। कंपनी के शेयर सुबह 10:55 बजे बीएसई पर 2.67 प्रतिशत चढ़कर 290 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।

Kalpataru Stock पर टारगेट प्राइस: ₹420

एमके ग्लोबल ने ‘BUY‘ की रेटिंग के साथ कल्पतरु पर कवरेज शुरू की है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 420 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर निवेशकों को 48 प्रतिशत का तगड़ा अपसाइड दे सकता है।

ब्रोकरेज के अनुसार, कल्पतरु ने वित्त वर्ष 2022 से 2025 के बीच करीब 30 प्रतिशत की सालाना औसत बढ़ोतरी के साथ एडवांस बिक्री 4,500 करोड़ रुपये तक पहुंचाई। साथ ही, वित्त वर्ष 2026 के पहले 9 महीनों में कंपनी की एडवांस बिक्री में साल दर साल आधार पर 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 3450 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जो वित्त वर्ष 2024 की कुल अग्रिम बिक्री से भी ज्यादा है।

ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी का यह मजबूत प्रदर्शन पिछले 3-4 सालों में शुरू किए गए नए प्रोजेक्ट्स की वजह से संभव हुआ है। कई छोटे-छोटे बाजारों में नए प्रोजेक्ट्स की मजबूत योजना के साथ, और 9 महीने (वित्त वर्ष 2026) तक 46,800 करोड़ रुपये का तैयार स्टॉक होने के कारण, कल्पतरु की एडवांस बिक्री 16 प्रतिशत की सालाना औसत दर से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 से 2028 के बीच 7,100 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि अगले 1-2 साल में मुंबई महानगर क्षेत्र और पुणे में आने वाले नए प्रोजेक्ट्स से बिक्री में और तेज बढ़ोतरी हो सकती है, जो अभी उनके मौजूदा अनुमान में शामिल नहीं है।

यह पढ़ें: Defence Stocks: टेक्नोलॉजी बूम के बीच डिफेंस स्टॉक्स में कमाई का मौका! किन शेयरों पर दांव लगाने की सलाह?

38% टूट चुका Kalpataru Stock

कल्पतरु लिमिटेड के शेयर अपने 52 वीक्स हाई 458.10 रुपये से करीब 38 प्रतिशत टूट चुके हैं। हालिया प्रदर्शन पर नजर डाले तो एक महीने में शेयर 15.31 प्रतिशत गिर चुका है। तीन महीने में शेयर में 14.26 प्रतिशत और छह महीने में 25.37 फीसदी की गिरावट आई है। स्टॉक का 52 वीक्स का लो 280.40 रुपये है, जो 23 मार्च को बना था। कंपनी का बीएसई पर मार्केट कैप 5,882.96 करोड़ रुपये है।

 

(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जो​खिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : March 24, 2026 | 11:47 AM IST