सहारा ग्रुप (Sahara Group) के प्रमुख सुब्रत रॉय (Subrata Roy) का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। सहारा ने मंगलवार देर रात एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
बयान के अनुसार, हाई ब्लड प्रेशर, शुगर समेत कई बीमारियों से लंबे समय से जूझ रहे सुब्रत रॉय (Subrata Roy Demise) का दिल का दौरा पड़ने के कारण रात साढ़े 10 बजे निधन हो गया।
कंपनी ने बताया कि उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद रविवार को उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘उनके निधन से हुई क्षति को पूरा सहारा इंडिया परिवार गहराई से महसूस करेगा।’’
रॉय ने रिटेल सेक्टर के साथ-साथ रियल एस्टेट और फाइनेंशियल सर्विस जैसे सेक्टर में एक विशाल कारोबारिक साम्राज्य खड़ा किया था। हालांकि, इन सबके बावजूद वह विवादों के केंद्र में भी रहे।
उन्हें अपने ग्रुप की कंपनियों के संबंध में कई रेगुलेटरी और कानूनी लड़ाइयों का सामना करना पड़ा, जिन पर मल्टी लेवल मार्किटिंग योजनाएं बनाने के लिए नियमों को दरकिनार करने का आरोप लगा था।
ग्रुप ने कहा, “सहारा इंडिया परिवार (Sahara India) रॉय की विरासत को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन को आगे बढ़ाने में उनके दृष्टिकोण का सम्मान करना जारी रखेगा।”
क्रिकेटर सुरेश रैना समेत उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रॉय ने निधन पर दुख जताया है। सुरेश रैना ने एक्स पर लिखा, “महान प्रेरक, वक्ता और खेल प्रेमी नहीं रहे।”
वहीं, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लिखा, “सहारा श्री सुब्रत रॉय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावात्मक क्षति हैं क्योंकि वो एक अति सफल व्यवसायी के साथ-साथ एक ऐसे अति संवेदनशील विशाल हृदयवाले व्यक्ति भी थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की उनका सहारा बने।”