शिक्षा

CBSE ने छात्रों को दी बड़ी राहत: अब सिर्फ ₹100 में होगा रीचेकिंग, अंक बढ़ने पर फीस होगी वापस

ऑनलाइन चेकिंग विवाद और गिरते रिजल्ट के बीच सीबीएसई ने उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन शुल्क में भारी कटौती की है

Published by
अहोना मुखर्जी   
Last Updated- May 17, 2026 | 10:42 PM IST

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने ऑनलाइन स्कोरिंग मैकेनिज्म (ओएसएम)पर कम अंक मिलने की चिंताओं के मद्देनजर पुनर्मूल्यांकन से संबंधित सेवाओं के लिए शुल्क में भारी कमी की है। अब उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की हुई प्रतियां 100 रुपये में उपलब्ध होंगी जबकि पहले शुल्क 700 रुपये था।

शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग सचिव संजय कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अंकों के सत्यापन के लिए शुल्क 500 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है जबकि पुनर्मूल्यांकन के लिए शुल्क 100 रुपये प्रति प्रश्न से घटाकर 25 रुपये प्रति प्रश्न कर दिया गया है। पुनर्मूल्यांकन के बाद अंक बढ़ने वाले छात्रों की फीस वापस कर दी जाएगी।

कुमार ने कहा, ‘हम किसी भी छात्र से 100 रुपये शुल्क लेंगे जो अपनी उत्तर पुस्तिका देखना चाहता है। यदि वे अपनी कॉपियों का सत्यापन करवाना चाहते हैं तो 100 रुपये का अलग शुल्क लगेगा। किसी विशिष्ट प्रश्न के उत्तर की पुनः जांच के लिए 25 रुपये का शुल्क लागू होगा।’

सीबीएसई ने 12वीं कक्षा की परीक्षा में पूरी तरह ऑनलाइन स्कोरिंग मैकेनिज्म लागू कर दिया। इस मामले में छात्रों, अभिभावकों और कुछ शिक्षकों ने कथित रूप से कम अंकों का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ सवालों की जांच ही नहीं हुई है और छात्रों को उम्मीद के अनुरूप अंक नहीं मिले हैं।

साल 2025 में 88.39 प्रतिशत की तुलना में 2026 में सीबीएसई कक्षा 12 का समग्र उत्तीर्ण प्रतिशत घटकर 85.20 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.19 प्रतिशत अंकों की गिरावट है। यह गिरावट लगातार तीन वर्षों के बाद आई है, जिनमें कक्षा 12 के परिणाम 87-89 प्रतिशत की सीमा में व्यापक रूप से स्थिर रहे थे।

सीबीएसई की 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम वर्ष 2026 में गिरकर 85.20 प्रतिशत हो गया जबकि वर्ष 2025 में 88.39 प्रतिशत था। लिहाजा वर्ष 2026 में सालाना आधार पर 3.19 प्रतिशत की गिरावट हो गई। सीबीएसई की कक्षा 12वीं का परिणाम तीन वर्ष लगातार 87-89 प्रतिशत के दायरे में रहने के बाद इस वर्ष गिरा है।

First Published : May 17, 2026 | 10:41 PM IST