शिक्षा

अब स्कूलों में एआई की पढ़ाई अनिवार्य, CBSE ने नए पाठ्यक्रम में भाषा और AI पर बढ़ाया जोर

इस बदलाव के लिए किताबें और पाठ्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं और कुछ सुधार इस अकादमिक वर्ष में कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले छात्रों से ही लागू होने शुरू हो गए हैं।

Published by
अहोना मुखर्जी   
Last Updated- April 03, 2026 | 9:06 AM IST

सीबीएसई ने गुरुवार को नया पाठ्यक्रम जारी किया है। इसके तहत कक्षा 6 से तीसरी भाषा अनिवार्य होगी और कक्षा 9 से कंप्यूटेशनल थिंकिंग (सीटी) और एआई पढ़ाई जाएगी। कक्षा 10 में एडवांस गणित और विज्ञान की वैकल्पिक परीक्षाएं भी होंगी।

इस बदलाव के साथ कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और स्वास्थ्य, व्यावसायिक शिक्षा तथा बहु-विषयक अध्ययन को भी अनिवार्य बनाया जाएगा। यह पूरा बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और स्कूल शिक्षा के राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचे 2023 के अनुरूप किया जा रहा है। सीबीएसई के अध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि इस बदलाव के लिए किताबें और पाठ्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं और कुछ सुधार इस अकादमिक वर्ष में कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले छात्रों से ही लागू होने शुरू हो गए हैं।

सिंह ने कहा, ‘कक्षा 9 के लिए सीटी और एआई की किताबें लगभग तैयार हैं और इन्हें वर्ष 2027–28 के शैक्षणिक सत्र से लागू किया जाएगा।’ यही संशोधित पाठ्यक्रम कक्षा 10 में लागू होगा। कक्षा 11 और 12 में इसे वैकल्पिक विषय के रूप में शुरू किया जाएगा।

वर्ष 2027–28 से कक्षा 9 में सीटी और एआई अनिवार्य विषय बन जाएंगे और इस विषय की पहली बोर्ड परीक्षा 2029 में होगी। इसके अलावा, सीबीएसई ने कक्षा 3 से 8 तक के लिए भी सीटी और एआई का नया पाठ्यक्रम जारी किया है जिससे शुरुआती कक्षाओं में ही एआई की पढ़ाई होगी।

First Published : April 3, 2026 | 9:06 AM IST