विविध

गर्मी का सीजन शुरू: ट्रैवल और होटल कंपनियों के ऑफर की बाढ़, यात्रियों को मिल रही भारी छूट

ईजमाईट्रिप उड़ानों पर 5,000 रुपये और होटल बुकिंग पर 10,000 रुपये तक छूट दे रही है

Published by
अक्षरा श्रीवास्तव   
Last Updated- March 26, 2026 | 10:47 PM IST

गर्मियां शुरू हो रही हैं और लोग आने वाले महीनों में अपनी छुट्टियां बिताने के लिए अभी से योजनाएं बनाने लगे हैं। इस सीजन में कमरों एवं यात्राओं की बढ़ती मांग को भुनाने के लिए तमाम ट्रैवल कंपनियां और होटल अभी से छूट के ऑफर दे रहे हैं।

सरोवर होटल्स ने एक सीमित अवधि के लिए ऑफर शुरू किया है, जिससे मेहमान दो रात रुकने पर तीसरी रात मुफ्त बिता सकते हैं। कई जगहों पर यह होटल चेन भोजन और पेय पदार्थों पर 15 प्रतिशत तक की छूट भी दे रही है। यही नहीं, बड़े पर्यटक समूहों को आक​र्षित करने के लिए यह होटल 10 साल तक के बच्चों को मुफ्त ठहरने और भोजन की सुविधा भी दे रहा है।

सरोवर होटल्स की निदेशक (मार्केटिंग और कम्यूनिकेशन) नीतिका खन्ना ने कहा, ‘गर्मियां भारत में सबसे मजबूत यात्रा सीजन होता है। इस दौरान लोग अपने परिवार के साथ घूमने निकलते हैं। इसे देखते हुए हम बेहद आकर्षक और किफायती दरों पर सुविधाएं पेश कर रहे हैं, ताकि मेहमान बिना चिंता लंबे समय तक ठहर सकें और अन्य जगहों पर हमारे होटलों की सुविधाएं हासिल करने के लिए प्रोत्साहित हों।’

सिर्फ होटल ही नहीं, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी गर्मी के सीजन के लिए कई तरह के ऑफर पेश कर रहे हैं। अपने वार्षिक ‘नैशन ऑन वेकेशन’ अभियान के साथ क्लियरट्रिप घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों, होटल में ठहरने, बसों और हॉलिडे पैकेज पर भारी छूट दे रहा है। यात्रियों के लिए सह-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड पर भी ऑफर हैं।

क्लियरट्रिप की मुख्य विपणन और राजस्व अधिकारी पल्लवी सक्सेना ने कहा, ‘इस गर्मी के दौरान हम अपने ऑफर से मेहमानों में उत्साह की भावना पैदा कर रहे हैं, ताकि लोग यात्रा के लिए बिना खटके आसानी से तैयार हो।’

होटल और यात्रा एजेंसियों के ऑफर ऐसे समय पेश किए जा रहे हैं जब आने वाले समय में यात्रा खर्च बढ़ने की संभावना है। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण तेल आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है और कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। इससे एयरलाइन ऑपरेटर प्रभावित हो रहे हैं। सरकार का मुफ्त सीट आवंटन का आदेश और किराया सीमा का हटने से हवाई टिकट महंगे होंगे।

ईजमाईट्रिप ने भी उड़ानों, होटलों, बसों, कैब और हॉलिडे पैकेज पर ऑफर पेश किया है। कंपनी उड़ानों पर 5,000 रुपये और होटल बुकिंग पर 10,000 रुपये तक छूट दे रही है।

ईजमाईट्रिप के मुख्य विपणन अधिकारी मनमीत आहलूवालिया ने कहा, ‘जैसे-जैसे गर्मी का सीजन करीब आ रहा है, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह के पर्यटन स्थलों के लिए यात्रा एवं ठहराव मांग बढ़ रही है। सनी गेटअवे सेल के साथ हमारा लक्ष्य ग्राहकों को प्रतिस्पर्धी मूल्य पर यात्रा विकल्प देना है।’

First Published : March 26, 2026 | 10:44 PM IST