बाजार

Q4 में धमाकेदार नतीजे, अदाणी की इस कंपनी पर ब्रोकरेज हुए बुलिश, 18% तक अपसाइड के टारगेट

चौथी तिमाही में अदाणी पोर्ट्स की कमाई करीब 27 प्रतिशत बढ़कर 1,07,000 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गई। कार्गो वॉल्यूम भी 13 प्रतिशत बढ़ा और 133.4 मिलियन टन रहा

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- May 04, 2026 | 10:39 AM IST

Adani Ports Share Price: दुनिया भर में अनिश्चित माहौल और कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच अदाणी पोर्ट्स ने मार्च तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया है। कंपनी की कमाई, मुनाफा और कामकाज तीनों में बढ़त दिखी है और ये आंकड़े बाजार की उम्मीद से बेहतर रहे। इसी वजह से बड़े ब्रोकरेज हाउस अब भी इस शेयर को लेकर पॉजिटिव हैं और खरीदारी की सलाह बनाए हुए हैं।

तिमाही में उम्मीद से बेहतर नंबर

चौथी तिमाही में कंपनी की कमाई करीब 27 प्रतिशत बढ़कर 1,07,000 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गई। कार्गो वॉल्यूम भी 13 प्रतिशत बढ़ा और 133.4 मिलियन टन रहा। इसमें कंटेनर सेगमेंट का सबसे बड़ा रोल रहा। ईबिट्डा करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 6,000 करोड़ रुपये के आसपास रहा, जबकि मुनाफा करीब 16 प्रतिशत बढ़कर 3,300 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। हालांकि मार्जिन थोड़ा कम हुआ है, लेकिन कुल तस्वीर मजबूत रही।

इस बार कंपनी की ग्रोथ में विदेशी पोर्ट्स का बड़ा हाथ रहा। कोलंबो वाला टर्मिनल और NQXT के जुड़ने से इंटरनेशनल बिज़नेस तेजी से बढ़ा है। लॉजिस्टिक्स का काम भी अब कंपनी के लिए अहम बनता जा रहा है। ट्रकिंग, फ्रेट और लास्ट माइल डिलीवरी में सुधार से इस सेगमेंट में भी अच्छी बढ़त दिखी है। मरीन बिज़नेस में भी सालाना आधार पर बढ़ोतरी रही, हालांकि तिमाही आधार पर थोड़ा असर मेंटेनेंस की वजह से दिखा।

पूरे FY26 में कंपनी की कमाई 27 प्रतिशत, ईबिट्डा 24 प्रतिशत और मुनाफा 26 प्रतिशत बढ़ा। कंपनी ने 7.5 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है। कर्ज की बात करें तो तिमाही के अंत में नेट डेट करीब 4.29 लाख करोड़ रुपये रहा और डेट का अनुपात 1.9 गुना रहा, जिसे संतुलित माना जा रहा है।

यह पढ़ें: Vedanta demerger: रिलायंस, ONGC, टाटा और JSW के सामने 5 नई कंपनियां, कौन मारेगा बाजी?

Adani Ports Share: ब्रोकरेज क्या कह रहे हैं

मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि कंपनी ने इस तिमाही में उम्मीद से बेहतर काम किया है। कमाई और ईबिट्डा दोनों ही उनके अनुमान से ज्यादा रहे। उनका मानना है कि कंपनी लगातार अपनी क्षमता बढ़ा रही है और लॉजिस्टिक्स जैसे नए कामों में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी वजह से आने वाले समय में भी ग्रोथ बनी रह सकती है। ब्रोकरेज को लगता है कि FY26 से FY28 के बीच कार्गो वॉल्यूम करीब 11 प्रतिशत बढ़ सकता है, जिससे कमाई और मुनाफा भी तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने ‘BUY’ की सलाह रखते हुए 1,900 रुपये का टारगेट दिया है, जो मौजूदा भाव से करीब 15 प्रतिशत तक का अपसाइड दिखाता है।

एंटीक ब्रोकिंग का भी कहना है कि मुश्किल वैश्विक माहौल के बावजूद कंपनी का कामकाज मजबूत बना हुआ है। खासकर इंटरनेशनल पोर्ट्स बिज़नेस में अच्छी तेजी आई है, जिसमें कोलंबो टर्मिनल और NQXT के जुड़ने का बड़ा रोल रहा है। लॉजिस्टिक्स और मरीन बिज़नेस में भी अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है, जिससे कंपनी का काम और फैल गया है। उन्होंने कंपनी के आने वाले साल के अनुमान भी बढ़ाए हैं और ‘BUY’ रेटिंग के साथ 1,959 रुपये का टारगेट दिया है, जो मौजूदा कीमत से करीब 18 प्रतिशत तक का अपसाइड बताता है।

नुवामा का कहना है कि कंपनी ने लगभग हर मोर्चे पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इंटरनेशनल पोर्ट्स से कमाई काफी तेजी से बढ़ी है, जिससे कुल ग्रोथ को सहारा मिला है। लॉजिस्टिक्स और मरीन बिज़नेस भी अच्छा कर रहे हैं। नुवामा को उम्मीद है कि आने वाले सालों में कंपनी की कमाई और मुनाफा अच्छी रफ्तार से बढ़ेंगे। उन्होंने ‘BUY’ रेटिंग बनाए रखते हुए 1,920 रुपये का टारगेट दिया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 16 प्रतिशत तक का अपसाइड दिखाता है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : May 4, 2026 | 10:06 AM IST