बाजार

₹130 से ₹245 तक पहुंचा Adani Power Stock, निवेशकों का भरोसा क्यों लगातार बढ़ रहा है?

दोपहर करीब 2:10 बजे BSE पर अदाणी पावर का शेयर 244.70 रुपये पर करीब 4.8 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था

Published by
दीपक कोरगांवकर   
Last Updated- May 26, 2026 | 2:33 PM IST

Adani Power Share Price: अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी पावर के शेयर में मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कमजोर बाजार के बावजूद कंपनी के शेयर में लगातार खरीदारी बनी रही। BSE पर इंट्रा-डे कारोबार में शेयर करीब 5 प्रतिशत चढ़कर 245.40 रुपये के नए रिकॉर्ड हाई (52 वीक) तक पहुंच गया। हालांकि बाद में इसमें हल्की मुनाफावसूली भी दिखी, लेकिन शेयर अब भी मजबूत बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया। पिछले सिर्फ दो कारोबारी दिनों में शेयर करीब 12 प्रतिशत उछल चुका है, जबकि फरवरी 2026 के लो 130 रुपये से इसमें करीब 89 प्रतिशत की तेजी आ चुकी है।

दोपहर करीब 2:10 बजे BSE पर अदाणी पावर का शेयर 244.70 रुपये पर करीब 4.8 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। उस समय सेंसेक्स करीब 456 अंक टूटकर लाल निशान में था, लेकिन इसके बावजूद अदाणी पावर में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। शेयर में भारी वॉल्यूम भी दर्ज किया गया और निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बनी रही।

जयप्रकाश पावर में हिस्सेदारी खरीदने का असर

शेयर में तेजी की सबसे बड़ी वजह कंपनी की हालिया डील मानी जा रही है। 21 मई को अदाणी पावर ने जयप्रकाश पावर वेंचर्स में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया था। यह डील करीब 4,193 करोड़ रुपये में होगी। इसके अलावा कंपनी जयप्रकाश एसोसिएट्स के 180 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट और कुछ दूसरे एसेट्स भी खरीद रही है। इसमें प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी में 11.49 प्रतिशत हिस्सेदारी भी शामिल है। बाजार को लग रहा है कि इस डील से अदाणी पावर की क्षमता और बाजार पकड़ दोनों मजबूत होंगी।

चौथी तिमाही के मजबूत नतीजों से बढ़ा भरोसा

कंपनी के चौथी तिमाही के नतीजे भी काफी मजबूत रहे। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का EBITDA 27 प्रतिशत बढ़कर 6,498 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि FY26 में मौसम की वजह से बिजली मांग में उतार-चढ़ाव और रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादन बढ़ने से मर्चेंट पावर प्राइस दबाव में रहे। इसके बावजूद कंपनी का कहना है कि अर्थव्यवस्था से जुड़े मुख्य डिमांड ड्राइवर अभी भी मजबूत हैं और FY27 में बिजली मांग तेजी से बढ़ सकती है।

कंपनी मैनेजमेंट का मानना है कि FY27 में बिजली की कुल मांग और पीक डिमांड दोनों में मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। हाल ही में देश की पीक पावर डिमांड 256 गीगावाट तक पहुंची थी और आने वाले महीनों में इसके और बढ़ने की उम्मीद है। मैनेजमेंट ने कहा कि मार्च से मौसम गर्म होने के बाद बिजली मांग में अच्छी रिकवरी दिखने लगी है। साथ ही कंपनी को उम्मीद है कि नए PPA यानी Power Purchase Agreements और bilateral demand से कमाई मजबूत होगी।

कई बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे

अदाणी पावर के कई बड़े प्रोजेक्ट्स तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मध्य प्रदेश का 1,600 मेगावाट वाला महान फेज-2 प्रोजेक्ट करीब 86 प्रतिशत पूरा हो चुका है। छत्तीसगढ़ में रायपुर फेज-2 प्रोजेक्ट 54 प्रतिशत और रायगढ़ फेज-2 प्रोजेक्ट 47 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं कोरबा फेज-2 प्रोजेक्ट लगभग पूरा होने की स्थिति में है और कंपनी को उम्मीद है कि इसे इसी साल चालू कर दिया जाएगा।

कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में नई क्षमता शुरू होने से EBITDA और कैश फ्लो दोनों में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। मैनेजमेंट के मुताबिक नए PPA कंपनी की कमाई को मजबूत करेंगे और अगले कुछ सालों में अच्छा कैश फ्लो पैदा करेंगे।

First Published : May 26, 2026 | 2:19 PM IST