बाजार

Life Insurance Stocks: बीमा बाजार में तेज ग्रोथ के बीच ब्रोकरेज ने इन दो कंपनियों को बताया टॉप पिक

फरवरी में बीमा उद्योग का रिटेल APE करीब 21% बढ़ा, मजबूत प्रीमियम ग्रोथ के बीच एंटीक ब्रोकरेज ने मैक्स फाइनेंशियल और केनरा एचएसबीसी लाइफ को टॉप पिक बताया

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- March 10, 2026 | 9:44 AM IST

बीमा सेक्टर में फरवरी के महीने में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। प्रीमियम कलेक्शन में मजबूत बढ़त के साथ प्राइवेट बीमा कंपनियों ने बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत की है। एंटीक स्टॉक ब्रोकरेज की रिपोर्ट के मुताबिक फरवरी 2026 में बीमा उद्योग का रिटेल एनुअल प्रीमियम इक्विवेलेंट (APE) सालाना आधार पर करीब 20.9% बढ़ा। इस बढ़त में एलआईसी का 22.8% और प्राइवेट बीमा कंपनियों का करीब 20.2% योगदान रहा। रिपोर्ट के अनुसार प्राइवेट कंपनियों की रिटेल APE बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 72.5% हो गई है, जो पिछले साल की तुलना में करीब 165 बेसिस प्वाइंट ज्यादा है।

मैक्स फाइनेंशियल ने दिखाई सबसे तेज रफ्तार

रिपोर्ट में शामिल कंपनियों में मैक्स फाइनेंशियल (MAXF) ने सबसे ज्यादा करीब 28% सालाना बढ़त दर्ज की। इसके बाद एसबीआई लाइफ में 16% और एचडीएफसी लाइफ में 12% की बढ़त रही। वहीं आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ (IPRU) का रिटेल APE लगभग 9.8% बढ़ा।

केनरा एचएसबीसी लाइफ की सबसे तेज ग्रोथ

केनरा एचएसबीसी लाइफ (CANHLIFE) ने छोटे आधार पर करीब 61% की मजबूत सालाना बढ़त दर्ज की। दो साल के आधार पर देखें तो प्राइवेट कंपनियों में केनरा एचएसबीसी लाइफ और मैक्स फाइनेंशियल सबसे तेजी से बढ़ने वाली कंपनियां रही हैं।

एसबीआई लाइफ और एचडीएफसी लाइफ का प्रदर्शन

एसबीआई लाइफ का रिटेल APE फरवरी में 16.2% बढ़कर 13.7 अरब रुपये रहा। कंपनी का कुल APE 18.3% बढ़ा और बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 17.7% हो गई। वहीं एचडीएफसी लाइफ का रिटेल APE 12.1% बढ़कर 13.4 अरब रुपये पहुंच गया। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी करीब 10.9% के आसपास बनी रही।

एलआईसी में भी मजबूत बढ़त

सरकारी बीमा कंपनी एलआईसी का रिटेल APE 22.8% बढ़कर 30.6 अरब रुपये रहा। कंपनी का कुल APE 28% बढ़ा, जिसमें ग्रुप सेगमेंट में 39% की बढ़त का बड़ा योगदान रहा। हालांकि एलआईसी की रिटेल बाजार हिस्सेदारी घटकर 27.5% रह गई।

Also Read | $119 तक पहुंचने के बाद धड़ाम से गिरे कच्चे तेल के दाम, जानिए क्या है वजह

आगे भी ग्रोथ की उम्मीद

एंटीक स्टॉक ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले समय में प्राइवेट बीमा कंपनियों की रिटेल APE ग्रोथ मध्यम अवधि में दो अंकों में बनी रह सकती है। रिपोर्ट के अनुसार मैक्स फाइनेंशियल और केनरा एचएसबीसी लाइफ निवेश के लिहाज से बेहतर विकल्प बने हुए हैं और ब्रोकरेज ने इन्हें टॉप पिक बनाया है। हालांकि नियामकीय बदलाव और डिस्ट्रीब्यूटर कमीशन से जुड़े नियमों में बदलाव जैसे जोखिमों पर नजर रखना जरूरी होगा।

डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।

First Published : March 10, 2026 | 9:36 AM IST