बाजार

PSU नहीं, इन 5 प्राइवेट Bank Stocks में 40% तक रिटर्न के संकेत, ब्रोकरेज ने जारी किए नए टारगेट्स

मजबूत बैलेंस शीट, बेहतर एसेट क्वालिटी और डिपॉजिट ग्रोथ के दम पर बड़े प्राइवेट बैंकों पर भरोसा, 40% तक अपसाइड का अनुमान

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 07, 2026 | 12:44 PM IST

भारतीय बैंकिंग सेक्टर इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। वैश्विक स्तर पर जारी तनाव और सप्लाई से जुड़े झटकों के साथ-साथ सिस्टम में लिक्विडिटी की कमी ने सेक्टर पर दबाव बढ़ा दिया है। हालांकि इसके बावजूद Ambit Institutional Equities की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि आगे क्रेडिट ग्रोथ 11 से 13 प्रतिशत के बीच रह सकती है।

डिपॉजिट की चुनौती बनी बड़ी समस्या

रिपोर्ट के अनुसार बैंकिंग सेक्टर इस समय एक बड़ी दिक्कत से जूझ रहा है, जिसे ‘डिपॉजिट पैराडॉक्स’ कहा गया है। शहरों में लोगों की बचत अब तेजी से शेयर बाजार जैसे निवेश विकल्पों की तरफ जा रही है, जिससे बैंकों में सस्ते डिपॉजिट की कमी हो रही है। इसका असर खासतौर पर सरकारी बैंकों पर ज्यादा पड़ रहा है, जबकि प्राइवेट बैंक अपनी बेहतर डिजिटल पकड़ के कारण इस स्थिति को बेहतर तरीके से संभाल पा रहे हैं।

वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में क्रेडिट ग्रोथ करीब 12.2 प्रतिशत रही, जिसे रिटेल लोन, एमएसएमई सेक्टर और कॉर्पोरेट लोन की रिकवरी से सहारा मिला। रिपोर्ट का मानना है कि अगर वैश्विक हालात सामान्य रहते हैं तो यह रफ्तार आगे भी जारी रह सकती है। हालांकि अगर वैश्विक दबाव बढ़ता है तो इसमें थोड़ी गिरावट भी देखने को मिल सकती है।

मार्जिन पर दबाव, लेकिन स्थिति स्थिर

बैंकों के मार्जिन पर पिछले कुछ समय से दबाव बना हुआ है, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक यह स्थिति 2027 की पहली छमाही तक स्थिर रह सकती है। प्राइवेट बैंक इस मामले में सरकारी बैंकों से बेहतर स्थिति में हैं, क्योंकि उनके पास बेहतर रिटर्न और ब्याज दरों को संभालने की क्षमता है। इसके अलावा बैंकिंग सेक्टर की एसेट क्वालिटी भी मजबूत बनी हुई है, जहां बैड लोन का स्तर करीब 2.2 प्रतिशत तक आ गया है।

बड़े प्राइवेट बैंकों को दी प्राथमिकता

बैंक का नाम रेटिंग टारगेट प्राइस संभावित बढ़त/गिरावट
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया BUY 1,150 रुपये 13% बढ़त
आईसीआईसीआई बैंक BUY 1,550 रुपये 27% बढ़त
एक्सिस बैंक BUY 1,400 रुपये 17% बढ़त
सिटी यूनियन बैंक SELL 260 रुपये 8% बढ़त
फेडरल बैंक BUY 315 रुपये 19% बढ़त
कोटक महिंद्रा बैंक SELL 380 रुपये 6% बढ़त
आरबीएल बैंक SELL 280 रुपये 7% गिरावट
बंधन बैंक SELL 130 रुपये 11% गिरावट
एचडीएफसी बैंक BUY 2,050 रुपये 40% बढ़त
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक SELL 850 रुपये 2% गिरावट
करूर वैश्य बैंक BUY 320 रुपये 17% बढ़त
इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक SELL 58 रुपये 7% बढ़त
बैंक ऑफ बड़ौदा BUY 320 रुपये 28% बढ़त
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक BUY 70 रुपये 26% बढ़त
एसबीआई कार्ड SELL 650 रुपये 2% बढ़त

Ambit की रिपोर्ट में निवेश के लिहाज से बड़े प्राइवेट बैंकों को ज्यादा पसंद किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार एचडीएफसी बैंक सबसे ऊपर है, इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक और फिर एक्सिस बैंक और एसबीआई का नंबर आता है। रिपोर्ट का मानना है कि सरकारी बैंकों के शेयरों में हालिया तेजी उनके असली प्रदर्शन से ज्यादा दिखाई दे रही है।

आगे की राह और जोखिम

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आने वाले समय में बैंकिंग सेक्टर की ग्रोथ थोड़ी धीमी हो सकती है और कमाई की रफ्तार भी पहले के मुकाबले घट सकती है। हालांकि लंबे समय में सेक्टर की स्थिति मजबूत बनी रहेगी। लेकिन वैश्विक तनाव और किसी भी तरह के सख्त नियामकीय फैसले इस पूरे अनुमान के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं।

First Published : April 7, 2026 | 12:44 PM IST