बाजार

₹1168 का शेयर जाएगा ₹2200 तक? Q4 के बाद Coforge पर 4 ब्रोकरेज ने दी BUY की सलाह

Coforge के शेयर में मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के मार्च तिमाही नतीजों के बाद शेयर करीब 9.45 प्रतिशत चढ़कर 1278.65 रुपये पर पहुंच गया

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- May 06, 2026 | 3:25 PM IST

Coforge Share Price: आईटी कंपनी कोफोर्ज (Coforge) ने मार्च तिमाही FY26 के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का मुनाफा और कमाई दोनों बढ़े हैं। इसके बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने कंपनी पर अपनी रिपोर्ट जारी की है और शेयर के लिए नए टारगेट प्राइस दिए हैं। कुछ ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की ऑर्डर बुक और बड़े डील आने वाले समय में कारोबार को सपोर्ट कर सकते हैं, जबकि कुछ रिपोर्ट में BFS कारोबार में कमजोरी का भी जिक्र किया गया है।

कंपनी के मुताबिक जनवरी-मार्च FY26 तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 612.3 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 261.2 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी का मुनाफा एक साल में दोगुने से ज्यादा बढ़ा है।

कंपनी की कमाई भी बढ़ी है। Q4 FY26 में ऑपरेशन से राजस्व 4,450.4 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 3,422.2 करोड़ रुपये था। सालाना आधार पर कंपनी की आय में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वहीं तिमाही आधार पर भी राजस्व में 5.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पूरे वित्त वर्ष FY26 की बात करें तो कंपनी का नेट प्रॉफिट 1,555.7 करोड़ रुपये रहा। FY25 में यह आंकड़ा 812.1 करोड़ रुपये था। कंपनी का सालाना राजस्व भी 35.8 प्रतिशत बढ़कर 16,402.7 करोड़ रुपये पहुंच गया।

Emkay ने क्या कहा?

ब्रोकरेज फर्म Emkay ने कोफोर्ज पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है और शेयर का टारगेट प्राइस 1,400 रुपये रखा है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी का Q4 प्रदर्शन मिला-जुला रहा, लेकिन कुछ अहम आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहे। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी की डॉलर आय 489 मिलियन डॉलर रही, जो तिमाही आधार पर 1.7 प्रतिशत बढ़ी। कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर यह बढ़त 2 प्रतिशत रही। कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन भी अनुमान से ऊपर रहा।

Emkay ने कहा कि BFSI कारोबार में कुछ कमजोरी देखने को मिली। इसकी वजह कुछ क्लाइंट से जुड़े मुद्दे और बिजनेस ट्रांजिशन रहे। हालांकि हेल्थकेयर और हाई-टेक कारोबार ने कंपनी की ग्रोथ में मदद की। ब्रोकरेज ने यह भी बताया कि कंपनी को मार्च तिमाही में पांच बड़े डील मिले। पूरे FY26 में कंपनी ने 21 बड़े डील साइन किए। Q4 में कुल ऑर्डर इंटेक 648 मिलियन डॉलर रहा। इसके चलते अगले 12 महीनों के लिए कंपनी की एग्जीक्यूटेबल ऑर्डर बुक 1.75 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इसमें कुछ बड़े फ्रेमवर्क एग्रीमेंट शामिल नहीं हैं। उदाहरण के तौर पर यूके पब्लिक सेक्टर का 150 मिलियन डॉलर से ज्यादा का पांच साल का सौदा अभी ऑर्डर बुक में शामिल नहीं किया गया है। कंपनी को उम्मीद है कि इसका असर FY27 में दिख सकता है।

Emkay के मुताबिक कंपनी AI पर लगातार फोकस बढ़ा रही है। मैनेजमेंट का कहना है कि “Agentic AI” आने वाले समय में मैनेज्ड सर्विसेज का बड़ा बाजार तैयार कर सकता है। इससे लगातार कमाई और बेहतर मार्जिन वाले अवसर मिल सकते हैं।

हालांकि कंपनी ने यह भी कहा है कि FY27 की पहली तिमाही में ग्रोथ फ्लैट रह सकती है। इसकी वजह कंपनी का कम मार्जिन वाले भारत के कारोबार से बाहर निकलना है। यह कारोबार FY26 में करीब 40-45 मिलियन डॉलर का था। कंपनी का कहना है कि दूसरी तिमाही से ग्रोथ में तेजी आ सकती है।

मैनेजमेंट ने FY27 में इंडस्ट्री से बेहतर ग्रोथ का अनुमान दिया है। साथ ही कंपनी को उम्मीद है कि FY27 में EBITDA मार्जिन 20.5-21 प्रतिशत और EBIT मार्जिन 15.5 प्रतिशत के आसपास रह सकता है। कंपनी ने फ्री कैश फ्लो और PAT अनुपात 100 प्रतिशत से ऊपर रहने की भी बात कही है।

Nuvama ने बढ़ाया टारगेट

ब्रोकरेज फर्म Nuvama ने भी कोफोर्ज पर Buy रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर का टारगेट प्राइस 2,100 रुपये से बढ़ाकर 2,200 रुपये कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी की डील पाइपलाइन और ऑर्डर बुक आने वाले समय के कारोबार का संकेत देती है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी FY27 में भी इंडस्ट्री से बेहतर ग्रोथ दिखा सकती है।

Nuvama ने कहा कि फिलहाल शेयर FY27 की अनुमानित कमाई के मुकाबले करीब 20 गुना वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहा है।

PL Capital की रिपोर्ट में क्या कहा गया?

PL Capital ने कहा कि कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान से थोड़ी बेहतर रही। कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर कंपनी की आय 2 प्रतिशत बढ़ी, जबकि ब्रोकरेज ने 1.8 प्रतिशत बढ़त का अनुमान लगाया था। ब्रोकरेज के मुताबिक BFS कारोबार में कमजोरी रही। इसकी वजह कुछ क्लाइंट से जुड़े मुद्दे और नए वरिष्ठ अधिकारी के आने के दौरान बदलाव रहे। हालांकि कंपनी को उम्मीद है कि FY27 के दौरान BFS कारोबार में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है।

PL Capital ने कहा कि कंपनी का डील मोमेंटम मजबूत बना हुआ है। FY26 में कुल 21 बड़े डील हुए। मार्च तिमाही में 648 मिलियन डॉलर का ऑर्डर इंटेक रहा। वहीं अगले 12 महीनों की एग्जीक्यूटेबल ऑर्डर बुक 1.75 बिलियन डॉलर रही, जो सालाना आधार पर 16.4 प्रतिशत ज्यादा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ फ्रेमवर्क एग्रीमेंट अभी ऑर्डर बुक में शामिल नहीं हैं। इससे FY27 में ऑर्गेनिक ग्रोथ को सपोर्ट मिल सकता है।

PL Capital के मुताबिक AI अब कंपनी के लिए बड़ा ग्रोथ एरिया बनता जा रहा है। कंपनी मॉडर्नाइजेशन, एजेंटिक AI और हाई मार्जिन मैनेज्ड सर्विसेज जैसे क्षेत्रों में काम बढ़ा रही है। ब्रोकरेज ने कहा कि Encora के इंटीग्रेशन से कंपनी की इंजीनियरिंग क्षमता और AI से जुड़ी सेवाएं मजबूत हुई हैं। इसके बाद ब्रोकरेज ने FY27 के लिए डॉलर रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान बढ़ाकर 45.7 प्रतिशत कर दिया है। FY28 के लिए अनुमान 14.9 प्रतिशत रखा गया है। PL Capital का कहना है कि कंपनी FY27 में करीब 15.5 प्रतिशत EBIT मार्जिन हासिल करना चाहती है। इसके लिए कंपनी AI और अपने “Mod Squad” मॉडल पर ज्यादा फोकस कर रही है। ब्रोकरेज ने FY27 और FY28 के EPS अनुमान भी बढ़ाए हैं। इसके बाद शेयर पर BUY रेटिंग रखते हुए 2,020 रुपये का टारगेट दिया गया है।

Motilal Oswal ने क्या कहा?

मोतीलाल ओसवाल ने कोफोर्ज पर BUY रेटिंग दी है और शेयर का टारगेट प्राइस 1,800 रुपये रखा है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी की चौथी तिमाही की ग्रोथ अनुमान से बेहतर रही। कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर कंपनी की आय 2 प्रतिशत बढ़ी, जबकि ब्रोकरेज ने 1.5 प्रतिशत ग्रोथ का अनुमान लगाया था।

कंपनी का Q4 ऑर्डर इंटेक 648 मिलियन डॉलर रहा। हालांकि यह सालाना आधार पर कम रहा, लेकिन अगले 12 महीनों की ऑर्डर बुक 1.75 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी का EBIT मार्जिन 16.6 प्रतिशत रहा, जो अनुमान से ज्यादा है। वहीं एडजस्टेड PAT 6.6 बिलियन रुपये रहा।

मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक FY26 में कंपनी का राजस्व 35.9 प्रतिशत बढ़ा। EBIT में 82.7 प्रतिशत और एडजस्टेड PAT में 73.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। ब्रोकरेज ने कहा कि FY27 की पहली तिमाही में भी कंपनी की आय, EBIT और PAT में बढ़ोतरी जारी रह सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कंपनी का Return on Equity यानी RoE FY26 में 16.5 प्रतिशत रहा। मोतीलाल ओसवाल ने FY28 के अनुमानित EPS के आधार पर शेयर का टारगेट प्राइस 1,800 रुपये तय किया है।

शेयर के हाल

Coforge के शेयर में मंगलवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के मार्च तिमाही नतीजों के बाद शेयर करीब 9.45 प्रतिशत चढ़कर 1278.65 रुपये पर पहुंच गया। तिमाही में कंपनी का मुनाफा और आय दोनों बढ़े हैं, जिसके बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने शेयर पर अपने टारगेट बढ़ाए हैं। कुछ ब्रोकरेज ने शेयर में आगे 50 प्रतिशत से लेकर 88 प्रतिशत तक रिटर्न की संभावना जताई है।

First Published : May 6, 2026 | 3:25 PM IST