बाजार

HAL, BEL: ₹70,000 करोड़ की पनडुब्बी डील से चमकेंगे डिफेंस शेयर? ब्रोकरेज ने चुने ये 4 पसंदीदा स्टॉक्स

मई महीने में सबसे बड़ी खबर 70,000 करोड़ रुपये के P-75I स्टील्थ पनडुब्बी प्रोजेक्ट से आई

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- June 08, 2026 | 1:24 PM IST

Defence Sector Stocks: भारत का डिफेंस सेक्टर इन दिनों काफी चर्चा में है। सरकार लगातार रक्षा क्षेत्र में खर्च बढ़ा रही है, कंपनियों को बड़े ऑर्डर मिल रहे हैं और रक्षा निर्यात भी तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बाजार को उम्मीद है कि आने वाले समय में डिफेंस कंपनियों की ऑर्डर बुक और मजबूत हो सकती है।

पनडुब्बी प्रोजेक्ट को मिली बड़ी मंजूरी

मई महीने में सबसे बड़ी खबर 70,000 करोड़ रुपये के P-75I स्टील्थ पनडुब्बी प्रोजेक्ट से आई। वित्त मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। अब सिर्फ कुछ आखिरी मंजूरियां बाकी हैं, जिसके बाद ऑर्डर जारी होने का रास्ता साफ हो जाएगा। बाजार को लंबे समय से इस प्रोजेक्ट का इंतजार था, क्योंकि इससे डिफेंस सेक्टर की कई कंपनियों को फायदा मिल सकता है। भारत की ब्रह्मोस मिसाइल की विदेशों में भी मांग बढ़ रही है। वियतनाम के साथ करीब 632 मिलियन डॉलर की ब्रह्मोस डील आगे बढ़ चुकी है। इससे रक्षा निर्यात को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

BEL को मिले ताबड़तोड़ ऑर्डर

सरकारी डिफेंस कंपनी BEL को मई में करीब 2,100 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं। कंपनी को रडार, कम्युनिकेशन सिस्टम, एवियोनिक्स, जैमर और कई दूसरे रक्षा उपकरणों के ऑर्डर मिले हैं। यही वजह है कि BEL लगातार निवेशकों की पसंद बनी हुई है।

नौसेना से जुड़ी कंपनियों के लिए अच्छी खबर

मझगांव डॉक ने भारतीय नौसेना को P-17A प्रोजेक्ट का आखिरी स्टील्थ फ्रिगेट सौंप दिया है। वहीं GRSE ने नई पीढ़ी के पेट्रोल वेसल का पहला जहाज लॉन्च किया है। बाजार को उम्मीद है कि नौसेना से जुड़े और बड़े ऑर्डर जल्द देखने को मिल सकते हैं।

ड्रोन और एयर डिफेंस पर सबसे ज्यादा फोकस

आजकल युद्ध का तरीका तेजी से बदल रहा है। ड्रोन, मिसाइल, एयर डिफेंस सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर पहले से ज्यादा अहम हो गए हैं। यही वजह है कि सरकार और कंपनियां इन क्षेत्रों में तेजी से निवेश कर रही हैं। आने वाले समय में सबसे ज्यादा ऑर्डर भी इन्हीं सेगमेंट्स में देखने को मिल सकते हैं।

यह पढ़ें: Pipe Sector: वॉल्यूम और मुनाफे में तेज ग्रोथ की उम्मीद, Astral समेत 3 पाइप शेयरों में 27% तक अपसाइड

विदेशों से भी मिल रहे हैं ऑर्डर

भारतीय डिफेंस कंपनियां अब सिर्फ देश में ही नहीं, विदेशों में भी अपनी पहचान बना रही हैं। Data Patterns ने यूरोप को रडार सिस्टम भेजा है, जबकि Pixxel को अमेरिका से बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इसके अलावा अमेरिका ने भी भारत से जुड़े करीब 428 मिलियन डॉलर के रक्षा सौदों को मंजूरी दी है।

Defence Sector Stocks: ब्रोकरेज क्या कह रहा है?

ICICI Securities का मानना है कि FY27 में डिफेंस सेक्टर में ऑर्डर मिलने की रफ्तार FY26 के मुकाबले और तेज हो सकती है। सरकार रक्षा खर्च बढ़ाने पर जोर दे रही है और नई खरीद प्रक्रिया की वजह से ऑर्डर देने में लगने वाला समय भी कम हो सकता है।

ब्रोकरेज को लगता है कि एयर डिफेंस, नौसेना, मिसाइल, ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर से जुड़े प्रोजेक्ट सबसे ज्यादा चर्चा में रहेंगे। ICICI Securities की पसंदीदा कंपनियों में HAL, Solar Industries, Astra Microwave और BEL शामिल हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि इन कंपनियों को बड़े ऑर्डर, बढ़ते निर्यात और सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ नीति का फायदा मिल सकता है।

डिफेंस सेक्टर की कहानी फिलहाल मजबूत दिख रही है। सरकार का बढ़ता खर्च, विदेशों से मिल रहे ऑर्डर और बड़े प्रोजेक्ट्स इस सेक्टर को सपोर्ट कर रहे हैं। ऐसे में बाजार की नजर अब इस बात पर है कि FY27 में ऑर्डर फ्लो कितनी तेजी से बढ़ता है और किन कंपनियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलता है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : June 8, 2026 | 1:24 PM IST