बाजार

Dollar Vs Rupee: शुरुआती कारोबार में दो पैसे की बढ़त के साथ 83.30 प्रति डॉलर पर पहुंचा रुपया

शेयर बाजारों के सकारात्मक रुख और विदेशी कोषों की आवक जारी रहने से भारतीय मुद्रा को बल मिला।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 30, 2023 | 11:08 AM IST

रुपये ने लगातार तीसरे दिन अपनी बढ़त बनाए रखी और गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त के साथ 83.30 पर पहुंच गया।

शेयर बाजारों के सकारात्मक रुख और विदेशी कोषों की आवक जारी रहने से भारतीय मुद्रा को बल मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि तेल उत्पादक देशों ओपेक प्लस की महत्वपूर्ण बैठक से पहले कच्चे तेल की कीमतें 82 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। इससे भारतीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 83.31 पर खुला। फिर 83.29 से 83.32 प्रति डॉलर के बीच उसने कारोबार किया। इसके बाद अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 83.30 पर रहा, जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की बढ़त है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.32 पर बंद हुआ था।

इस बीच दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.78 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.95 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 71.91 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

First Published : November 30, 2023 | 11:08 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)