बाजार

गर्मी बनेगी गेमचेंजर! Britannia, Nestle और Marico देंगे तगड़ा रिटर्न? ब्रोकरेज ने बताई पूरी तस्वीर

फरवरी में FMCG सेक्टर में मांग में सुधार, ग्रामीण बाजार से मिला सहारा; ब्रोकरेज ने नेस्ले को ‘बाय’ में अपग्रेड किया

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- March 24, 2026 | 8:25 AM IST

FMCG Stocks: फरवरी 2026 में एफएमसीजी सेक्टर में मांग में सुधार देखने को मिला है। एंटीक स्टॉक ब्रोकरेज की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर बड़ी कंपनियों में बिक्री (ऑफटेक) बेहतर हुई है। खासतौर पर खाद्य (फूड) कंपनियों का प्रदर्शन घरेलू और पर्सनल केयर कंपनियों से बेहतर रहा।

रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीण बाजारों ने शहरी बाजारों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है, जिससे कंपनियों की बिक्री को सहारा मिला है।

कंपनियों का प्रदर्शन कैसा रहा?

ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज में फरवरी के दौरान बिक्री में सालाना आधार पर सुधार देखने को मिला और कंपनी अपने मासिक लक्ष्य के करीब रही। बिस्किट और केक दोनों सेगमेंट में मांग बढ़ी है, वहीं गर्मी के मौसम को देखते हुए कंपनी डेयरी बिजनेस पर ज्यादा ध्यान दे रही है। नेस्ले इंडिया के लिए भी फरवरी अच्छा महीना रहा। न्यूट्रिशन, बेवरेज और चॉकलेट सेगमेंट में मजबूत मांग रही। रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीण पहुंच बढ़ाने, जीएसटी में कमी और मार्केटिंग खर्च बढ़ाने से कंपनी की बिक्री में तेजी आई है।

हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) में भी सुधार दिखा। साबुन, डिटर्जेंट, पर्सनल केयर और न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स की बिक्री बेहतर रही। ई-कॉमर्स चैनल की ग्रोथ पारंपरिक दुकानों से ज्यादा रही और ग्रामीण बाजार ने अच्छा प्रदर्शन किया। मारिको में स्थिर कीमतों की वजह से मांग बनी रही। पैराशूट और निहार जैसे ब्रांड्स में सुधार देखा गया, जबकि कंपनी का स्टॉक स्तर भी कम हुआ है। डाबर के लिए भी फरवरी बेहतर रहा। शहद और हेल्थ केयर प्रोडक्ट्स की मांग अच्छी रही, वहीं ग्रामीण बाजार में हेयर ऑयल सेगमेंट में तेजी देखने को मिली।

कोलगेट इंडिया में भी बिक्री बढ़ी है। कंपनी ने डीलरों को ज्यादा इंसेंटिव दिए, जिससे बाजार में ऑफटेक बेहतर हुआ। सिबाका और मैक्स फ्रेश ब्रांड में भी सुधार देखा गया।

यह पढ़ें: क्या निफ्टी अब 20,000 तक गिरेगा? एक्सपर्ट ने बताए गिरावट के अहम लेवल

FMCG Stocks: किन कंपनियों पर दबाव रहा?

गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (GCPL) को कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा। मच्छर कम होने और गर्मी में देरी की वजह से हाउसहोल्ड इंसक्टिसाइड (मच्छर मारने वाले प्रोडक्ट्स) की मांग कमजोर रही। हालांकि, आने वाले महीनों में गर्मी बढ़ने से इसमें सुधार की उम्मीद है। ज्योति लैब्स में भी सेकेंडरी बिक्री कमजोर रही, हालांकि कंपनी ने अपने प्राथमिक लक्ष्य पूरे किए। मच्छर से जुड़े प्रोडक्ट्स की मांग कम रही, लेकिन आने वाले समय में इसमें सुधार की उम्मीद है।

गर्मी का सीजन देगा सहारा

रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, कई कंपनियों की बिक्री में तेजी आ सकती है। खासकर इमामी का समर पोर्टफोलियो अब गति पकड़ने लगा है, जबकि मच्छर से जुड़े प्रोडक्ट्स में भी मांग बढ़ने की उम्मीद है।

Dmart की नई एंट्री

इस महीने डीमार्ट ने कई नए सेगमेंट में एंट्री की है। कंपनी ने डिटर्जेंट, हैंडवॉश, बिस्किट, परफ्यूम और एयर फ्रेशनर जैसे प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं। इससे आने वाले समय में प्रतिस्पर्धा और बढ़ सकती है।

FMCG Stocks: ब्रोकरेज की राय

एंटीक स्टॉक ब्रोकरेज ने स्टॉक में गिरावट के बाद नेस्ले इंडिया की रेटिंग ‘होल्ड’ से बढ़ाकर ‘बाय’ कर दी है और इसका टारगेट प्राइस 1393 रुपये रखा है। ब्रोकरेज फिलहाल ब्रिटानिया, नेस्ले, मारिको और बजाज कंज्यूमर केयर को इस सेक्टर में पसंदीदा शेयर मानता है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : March 24, 2026 | 8:16 AM IST