बाजार

बाजार से तेज भागा Maharatna PSU का शेयर, कमजोर तिमाही के बावजूद ब्रोकरेज दे रहे BUY की सलाह

कई ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि गैस ट्रांसमिशन बिजनेस मजबूत बना हुआ है, लेकिन पेट्रोकेमिकल कारोबार और बढ़ती लागत निकट अवधि में चिंता का कारण बनी रह सकती है

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- May 25, 2026 | 12:42 PM IST

GAIL Share Price: शेयर बाजार में सोमवार को शानदार तेजी देखने को मिली और इस दौरान सरकारी गैस कंपनी GAIL के शेयरों में भी जोरदार उछाल आया। दोपहर करीब 12:12 बजे कंपनी का शेयर बीएसई पर 168.55 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो करीब 4.62 फीसदी की तेजी थी। इस दौरान सेंसेक्स करीब 886 अंक यानी 1.18 फीसदी चढ़ा हुआ था। यानी GAIL का शेयर बाजार से बेहतर प्रदर्शन करता दिखा।

हालांकि, कंपनी के मार्च तिमाही नतीजों ने कई सवाल भी खड़े किए हैं। पेट्रोकेमिकल और गैस मार्केटिंग कारोबार में कमजोरी के कारण कंपनी का ऑपरेटिंग प्रदर्शन दबाव में रहा। कई ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि गैस ट्रांसमिशन बिजनेस मजबूत बना हुआ है, लेकिन पेट्रोकेमिकल कारोबार और बढ़ती लागत निकट अवधि में चिंता का कारण बनी रह सकती है।

कंपनी का EBITDA और मुनाफा उम्मीद से कमजोर रहा। खास तौर पर पेट्रोकेमिकल बिजनेस में घाटा बढ़ा है, जबकि गैस मार्केटिंग कारोबार पर भी दबाव देखने को मिला। इसके बावजूद गैस ट्रांसमिशन वॉल्यूम मजबूत रहने और भविष्य में गैस मांग बढ़ने की उम्मीद से कुछ ब्रोकरेज अब भी स्टॉक पर बुलिश हैं।

GAIL Share: एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग ने BUY रेटिंग बरकरार रखी

एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग ने GAIL पर ‘BUY’ रेटिंग बनाए रखी है और 178 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। मौजूदा 161 रुपये के CMP के मुकाबले यह करीब 10.5 फीसदी संभावित रिटर्न दिखाता है। हालांकि ब्रोकरेज ने माना कि मार्च तिमाही के नतीजे कमजोर रहे और EBITDA अनुमान से काफी नीचे रहा। ब्रोकरेज के मुताबिक, पेट्रोकेमिकल कारोबार में घाटा बढ़ा है क्योंकि गैस की लागत ज्यादा रही। LPG ट्रांसमिशन बिजनेस पर भी वॉल्यूम घटने और भुगतान में देरी का असर पड़ा। हालांकि, गैस ट्रांसमिशन वॉल्यूम मजबूत रहे। कंपनी ने FY27 के लिए 115 से 119 mmscmd गैस ट्रांसमिशन वॉल्यूम का गाइडेंस दिया है। एंटीक का कहना है कि निकट अवधि में कमाई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन लंबी अवधि में स्टॉक में संभावनाएं दिख रही हैं।

यह पढ़ें: NTPC Stock पर ब्रोकरेज हुए बुलिश, ग्रीन एनर्जी और न्यूक्लियर कारोबार के दम पर 445 रुपये तक जाने का अनुमान

मोतीलाल ओसवाल ने कहा, गिरावट के बाद वैल्यूएशन आकर्षक

मोतीलाल ओसवाल ने GAIL पर ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 184 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 14 फीसदी संभावित अपसाइड दिखाता है। ब्रोकरेज का कहना है कि गैस मार्केटिंग कारोबार कमजोर रहने से कंपनी का EBITDA अनुमान से काफी नीचे रहा। हालांकि, रिपोर्ट में कुछ मजबूत संकेतों की भी चर्चा की गई है। गैस ट्रांसमिशन और मार्केटिंग वॉल्यूम उम्मीद से बेहतर रहे। कंपनी ने जनवरी-फरवरी 2026 के दौरान करीब 129 mmscmd गैस ट्रांसमिशन वॉल्यूम हासिल किया। ब्रोकरेज का कहना है कि शेयर अपने पिछले ऊपरी स्तरों से काफी गिर चुका है और अब वैल्यूएशन ज्यादा महंगा नहीं दिखता। मजबूत डिविडेंड और फ्री कैश फ्लो आउटलुक स्टॉक को सपोर्ट दे सकते हैं।

नुवामा ने दी GAIL Share पर REDUCE रेटिंग

नुवामा ने GAIL पर ‘REDUCE’ रेटिंग बरकरार रखी है और 148 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यानी मौजूदा स्तर से करीब 8 फीसदी गिरावट की आशंका जताई गई है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की तिमाही काफी कमजोर रही और EBITDA में सालाना आधार पर 64 फीसदी की बड़ी गिरावट आई। नुवामा के मुताबिक, गैस मार्केटिंग मार्जिन में भारी गिरावट और पेट्रोकेमिकल बिजनेस में कमजोरी सबसे बड़ी चिंता है। इसके अलावा कंपनी ने गैस ट्रांसमिशन गाइडेंस भी घटाया है। ब्रोकरेज का मानना है कि बढ़ती लागत, कमजोर स्प्रेड और पेट्रोकेमिकल कारोबार में अनिश्चितता निकट अवधि में स्टॉक पर दबाव बनाए रख सकती है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : May 25, 2026 | 12:42 PM IST