बाजार

अगले हफ्ते स्टॉक स्प्लिट करने जा रही है यह कंपनी, निवेशकों को 1 के बदले मिलेंगे 2 शेयर

गौतम एक्सिम लिमिटेड अगले हफ्ते 22 मई को अपने शेयरों का बंटवारा (स्टॉक स्प्लिट) करने जा रही है, जिससे एक शेयर के बदले दो शेयर मिलेंगे

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- May 16, 2026 | 4:18 PM IST

शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों के लिए काम की खबर है। अगले हफ्ते एक कंपनी अपने शेयरों का बंटवारा करने जा रही है, जिसे बाजार की भाषा में ‘स्टॉक स्प्लिट’ कहा जाता है। अगर आप भी शेयर बाजार में कम कीमत वाले शेयरों पर नजर रखते हैं या इस कंपनी के निवेशक हैं, तो आपके लिए इस बड़े बदलाव और इसकी तारीखों को जानना बेहद जरूरी है। इस बार यह कदम गौतम एक्सिम लिमिटेड (Gautam Exim Ltd) नाम की कंपनी उठाने जा रही है।

इस प्रक्रिया के तहत कंपनी अपने मौजूदा शेयरों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट देगी। बाजार के जानकारों का मानना है कि कंपनियां अक्सर ऐसा तब करती हैं, जब उनके शेयर की कीमत काफी ज्यादा हो जाती है और छोटे निवेशकों के लिए उसे खरीदना मुश्किल होने लगता है। शेयरों का बंटवारा होने से बाजार में लिक्विडिटी यानी शेयरों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे छोटे और नए निवेशक भी इसमें आसानी से पैसा लगा पाते हैं।

Also Read: Dividend Stocks: अगले हफ्ते L&T और Havells समेत ये 18 कंपनियां करेंगी पैसों की बारिश, देखें पूरी लिस्ट

जानिए क्या है कंपनी का प्लान और कब है रिकॉर्ड डेट

गौतम एक्सिम लिमिटेड का शेयर बाजार में सिक्योरिटी कोड 540613 है और इसे बाजार में संक्षेप में ‘GEL’ के नाम से भी जाना जाता है। कंपनी ने जो आधिकारिक जानकारी दी है, उसके मुताबिक वह अपने शेयरों को 1:2 के अनुपात में बांटने जा रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि कंपनी के जिस शेयर की मौजूदा फेस वैल्यू (मूल्य) 10 रुपये है, उसे घटाकर 5 रुपये प्रति शेयर कर दिया जाएगा। इस तरह जिन निवेशकों के पास कंपनी का पहले से एक शेयर मौजूद है, उनके पास अब स्टॉक स्प्लिट के बाद दो शेयर हो जाएंगे। हालांकि, इससे निवेशकों के कुल निवेश की वैल्यू पर कोई असर नहीं पड़ता, सिर्फ शेयरों की संख्या बढ़ जाती है।

कंपनी ने इस पूरे कॉरपोरेट एक्शन के लिए अगले हफ्ते की एक खास तारीख तय की है। इसके लिए एक्स-डेट (Ex Date) 22 मई 2026 तय की गई है। इसके साथ ही, कंपनी ने पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट (Record Date) भी 22 मई 2026 ही रखी है। इसका मतलब यह हुआ कि जो भी निवेशक 22 मई 2026 या उससे पहले इस कंपनी के शेयर अपने पोर्टफोलियो में रखेंगे, केवल वही इस स्टॉक स्प्लिट के फायदे के हकदार माने जाएंगे। अगर आप इस बदलाव का लाभ उठाना चाहते हैं, तो आपको इस तय तारीख का विशेष ध्यान रखना होगा।

First Published : May 16, 2026 | 4:17 PM IST