बाजार

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से सरकारी बॉन्ड यील्ड में 10 आधार अंकों की बढ़त

अमेरिकी राष्ट्रपति के इस संकेत के बाद कि ईरान पर हमले जारी रहेंगे, ब्रेंट क्रूड की कीमतें करीब 6 फीसदी बढ़कर 107 डॉलर प्रति बैरल हो गईं, जिससे भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया

Published by
अंजलि कुमारी   
Last Updated- April 02, 2026 | 11:15 PM IST

बॉन्ड यील्ड में गुरुवार को तेजी आई, जिसकी वजह वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी थी। बेंचमार्क 10 वर्षीय सरकारी बॉन्ड पर यील्ड 9 आधार अंक बढ़कर 7.13 फीसदी पर बंद हुई। डीलरों ने यह जानकारी दी।

अमेरिकी राष्ट्रपति के इस संकेत के बाद कि ईरान पर हमले जारी रहेंगे, ब्रेंट क्रूड की कीमतें करीब 6 फीसदी बढ़कर 107 डॉलर प्रति बैरल हो गईं, जिससे भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया। इस बीच, बेंचमार्क 10 वर्षीय अमेरिकी ट्रेजरी नोट पर यील्ड 5 आधार अंक बढ़कर 4.35 फीसदी हो गई, जिससे घरेलू यील्ड पर ऊपर की ओर दबाव और बढ़ गया।

एक सरकारी बैंक के डीलर ने कहा, घरेलू यील्ड मुख्य रूप से कच्चे तेल और अमेरिकी यील्ड को ट्रैक कर रही थीं। उन्होंने कहा, ऑफशोर दरों के कारण ओवरनाइट इंडेक्स स्वैप (ओआईएस) दरें भी बढ़ गईं। एक साल की ओआईएस दर पिछले बंद स्तर 6.25 फीसदी के मुकाबले बढ़कर 6.37 फीसदी हो गई, जबकि 5 साल की ओआईएस दर पिछले बंद स्तर 6.79 फीसदी के मुकाबले बढ़कर 6.87 फीसदी हो गई।

First Published : April 2, 2026 | 11:12 PM IST