बाजार

10 पैसे चढ़कर 92.57 प्रति डॉलर पर खुला रुपया, लेकिन ट्रेडर्स ने जताई चिंता; RBI फैक्टर का असर हुआ पूरा

Dollar vs Rupee: रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.58 पर खुला। फिर शुरुआती कारोबार में 92.41 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- April 10, 2026 | 12:46 PM IST

Indian Rupee vs Dollar: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 10 पैसे मजबूत होकर 92.41 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये में कारोबार के दौरान भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है क्योंकि बैंकों को अपने ‘ओवरनाइट पोजीशन’ को 10 करोड़ डॉलर तक सीमित करने के लिए केंद्रीय बैंक के निर्देशों की समय सीमा आज समाप्त हो रही है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.58 पर खुला। फिर शुरुआती कारोबार में 92.41 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया गुरुवार को तीन पैसे की मामूली बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.51 पर बंद हुआ था।

ट्रेडर्स ने जताई चिंता

हालांकि, बाजार के जानकारों का कहना है कि यह मजबूती लंबे समय तक टिकने वाली नहीं हो सकती। दरअसल, हाल के सत्रों में रुपये को सहारा देने वाला एक अहम कारण भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का 27 मार्च को जारी निर्देश रहा। इसका अब काफी हद तक असर दिखा चुका है। केंद्रीय बैंक ने बैंकों की ऑनशोर पोजीशन पर सीमा तय की थी, जिससे उन्हें घरेलू बाजार में डॉलर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे रुपये को अस्थायी समर्थन मिला था।

आरबीआई की शुक्रवार की समय-सीमा से पहले इनमें से अधिकांश पोजीशन खत्म हो जाने के बाद अब यह समर्थन भी कम हो गया है। बैंकरों का कहना है कि इस तरह के हस्तक्षेप से मिलने वाले सपोर्ट के बिना रुपये के लिए अपनी मजबूती बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर आरबीआई को समीकरण से बाहर कर दें, तो इसमें कोई संदेह नहीं है कि रुपये की दिशा नीचे की ओर है।

Indian Rupee: डॉलर इंडेक्स में मजबूती

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.69 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 630.08 अंक चढ़कर 77,261.73 अंक पर जबकि निफ्टी 203.6 अंक की बढ़त के साथ 23,978.70 अंक पर पहुंच गया।

First Published : April 10, 2026 | 11:22 AM IST