बाजार

Internet stocks: इंटरनेट कंपनियों में कौन चमकेगा, कौन फिसलेगा? Q4 से पहले बड़ी रिपोर्ट

कुछ कंपनियों में मजबूत ग्रोथ, लेकिन बढ़ती प्रतिस्पर्धा और लागत से मुनाफे पर दबाव

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- April 06, 2026 | 9:35 AM IST

इंटरनेट और डिजिटल कंपनियों के नतीजों को लेकर इस बार तस्वीर थोड़ी मिली-जुली नजर आ रही है। कहीं अच्छी ग्रोथ दिख सकती है, तो कहीं दबाव भी देखने को मिल सकता है। नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के मुताबिक, चौथी तिमाही में बढ़ती आर्थिक अनिश्चितता और कड़े कंपटीशन का असर कंपनियों के प्रदर्शन पर साफ दिखेगा।

कौन आगे रहेगा, कौन रहेगा पीछे

रिपोर्ट कहती है कि एटरनल, स्विगी और नायका जैसी कंपनियां इस तिमाही में अच्छी ग्रोथ दिखा सकती हैं। इनका बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है, खासकर फूड डिलीवरी और ऑनलाइन शॉपिंग सेगमेंट में। वहीं, इन्फो एज और इंडिया मार्ट जैसी कंपनियों का प्रदर्शन थोड़ा ठंडा रह सकता है। इनकी ग्रोथ तो होगी, लेकिन बहुत तेज नहीं।

इन्फो एज की ग्रोथ में उसके नॉन-रिक्रूटमेंट बिजनेस का बड़ा योगदान रहेगा। इसमें 99एकर्स और जीवनसाथी जैसे प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 99एकर्स में करीब 14 प्रतिशत और जीवनसाथी में करीब 27 प्रतिशत तक की ग्रोथ देखने को मिल सकती है।

यह भी पढ़ें | Cement stocks: सीमेंट सेक्टर में दबाव के बीच कीमतें बढ़ने के संकेत, जानें कौन से स्टॉक्स चमक सकते हैं

फूड डिलीवरी और ई-कॉमर्स में दम

फूड डिलीवरी कंपनियों का बिजनेस अभी भी मजबूत बना हुआ है। एटरनल का फूड डिलीवरी कारोबार करीब 18 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। वहीं स्विगी भी 20 प्रतिशत से ज्यादा की ग्रोथ दिखा सकती है। नायका की बात करें तो उसके ब्यूटी और फैशन बिजनेस में भी 25-27 प्रतिशत तक बढ़त की उम्मीद है। यानी ऑनलाइन शॉपिंग का ट्रेंड अभी भी मजबूत बना हुआ है।

ग्रोथ के बावजूद कई कंपनियों के मुनाफे पर दबाव दिख सकता है। इन्फो एज, इंडिया मार्ट और जस्ट डायल जैसी कंपनियों के मार्जिन घट सकते हैं। इसका मतलब है कि कमाई बढ़ेगी, लेकिन खर्च भी बढ़ रहा है, जिससे फायदा कम हो सकता है।

स्टाफिंग और IT सर्विसेज का हाल

स्टाफिंग कंपनियों के लिए हालात थोड़े मुश्किल बने हुए हैं। जनरल स्टाफिंग में ग्रोथ धीमी है। हालांकि, आईटी से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट काम में अभी भी तेजी बनी हुई है। टीमलीज और क्वेस जैसी कंपनियों में हल्की-फुल्की ग्रोथ दिख सकती है, जबकि एसआईएस को अपने नए अधिग्रहण से फायदा मिल सकता है।

टेलीकॉम सेक्टर में सीमित बढ़त

टेलीकॉम कंपनियों के लिए यह तिमाही सामान्य रहने वाली है। टैरिफ नहीं बढ़े हैं, इसलिए प्रति यूजर कमाई (ARPU) में ज्यादा बढ़त नहीं दिखेगी। भारती एयरटेल और जियो के ग्राहकों की संख्या बढ़ सकती है, लेकिन वोडाफोन आइडिया के ग्राहक लगातार कम हो रहे हैं, जिससे उसकी कमाई पर असर पड़ सकता है।

बाकी कंपनियों का हाल भी जानिए

टाटा कम्युनिकेशंस में सामान्य ग्रोथ देखने को मिल सकती है। रूट मोबाइल की कमाई में हल्की गिरावट और मार्जिन में कमी आ सकती है। वहीं एसटीएल कंपनी के लिए अच्छी खबर है। डिमांड बढ़ने से उसकी ग्रोथ और मुनाफा दोनों बेहतर हो सकते हैं, हालांकि कच्चे माल की लागत थोड़ा असर डाल सकती है।

First Published : April 6, 2026 | 9:34 AM IST